KBC में जीता 1 करोड़ का जैकपॉट, 5वें प्रयास में UPSC क्रैक कर मोहिता शर्मा बनी IPS अफसर
Udaipur Times, IPS officer Mohita Sharma : IPS मोहिता शर्मा की कहानी संघर्ष, दृढ़ता और लक्ष्य प्राप्ति के दृढ़ संकल्प की मिसाल है। जीवन में लगातार असफलताओं से विचलित हुए बिना, उन्होंने अपने प्रयास जारी रखे और अंततः UPSC परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। गौरतलब है कि 5वीं कोशिश में UPSC परीक्षा में सफल होने वाले मोहिता शर्मा ने बाद में लोकप्रिय टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 12वें सीजन में 1 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि जीतकर अपने ज्ञान का परिचय दिया।
एक साधारण परिवार से बचपन से ही प्रशासनिक सेवा का देखा था सपना मोहिता शर्मा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। हालांकि, उन्होंने अपना बचपन और शिक्षा दिल्ली में बिताई। उनके पिता मारुति सुजुकी में काम करते थे, जबकि उनकी मां गृहिणी थीं। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली मोहिता ने बचपन से ही उच्च प्रशासनिक सेवाओं में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखा था।

उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। उन्होंने 10वीं में 92.20 प्रतिशत और 12वीं में 90.70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में बी.टेक की डिग्री हासिल की।
चार प्रयासों में हाथ लगी असफलता, 5वें प्रयास में मिली सफलता
हालांकि, UPSC परीक्षा की राह उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुई। उन्हें लगातार चार प्रयासों में असफलता का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा चरणों में बार-बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। हर असफलता से सीखते हुए उन्होंने अपनी तैयारी में सुधार किया और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। आखिरकार 2017 में 5वें प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने UPSC परीक्षा में 262वीं रैंक हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए। इसके बाद उन्हें जम्मू और कश्मीर कैडर में नियुक्त किया गया

'केबीसी' में अपने ज्ञान के दम पर जीतेएक करोड़ रुपये
UPSC में सफलता के बाद, मोहिता शर्मा एक और वजह से पूरे देश में चर्चा का विषय बन गईं। 2020 में, उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' के बारहवें सीज़न में भाग लिया। शो की हॉट सीट पर बैठने के बाद, उन्होंने विभिन्न कठिन प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास और सटीकता के साथ दिए। अपने ज्ञान के दम पर उन्होंने एक करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता। वह 'केबीसी 12' की दूसरी करोड़पति बनीं। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी उनके ज्ञान और सवालों को समझने के तरीके से काफी प्रभावित हुए।
