Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश से मानसून की विदाई का सोमवार से दूसरा चरण शुरू हो गया है। इसके साथ ही बीकानेर संभाग के अलावा जयपुर संभाग के कुछ इलाकों से मानसून की विदाई हुई। वहीं, सोमवार को प्रदेश में पूरे दिन मौसम साफ रहा।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग में गर्मी भी तेज रही और अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने प्रदेश में आज कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। इसके अलावा अगले 4 दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
जबकि अगले 2-3 दिन में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून के विदा होने की भविष्यवाणी की है। इस साल मानसून सीजन काफी कमजोर रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की विदाई के दूसरे चरण में राजस्थान के साथ-साथ पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के आधे हिस्से से मानसून की विदाई हो गई है। राजस्थान की बात करें तो पूरे बीकानेर संभाग के अलावा सम्पूर्ण झुंझुनूं जिला और सीकर, नागौर के आंशिक हिस्सों से मानसून की विदाई हुई। विभाग ने राज्य में अगले 2 दिन में राज्य के अन्य कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई की परिस्थितियां अनुकूल बताई है।