हरियाणा में इस दिन मानसून देगा दस्तक, होगी भीषण बारिश
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में इन दिनों मानसून का मिजाज कुछ बदला हुआ है। जिसके चलते प्रदेश में शनिवार को हिसार, रोहतक, जींद और गुरुग्राम में हल्की बारिश दर्ज की गई। साथ ही दिनभर बादलों की आवाजाही और छिटपुट बूंदाबांदी के कारण उमस का स्तर भी बढ़ गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले दो से तीन दिन मौसम साफ रह सकता है और उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय होने के कारण हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। जिससे लोगों को थोड़ी गर्मी से राहत मिली। वर्तमान में एक ट्रफ राजस्थान से ओडिशा तक फैली हुई है, जो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए सक्रिय है। इसके अलावा दूसरी ट्रफ पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक प्रभाव डाल रही है जिसके चलते प्री-मानसून गतिविधियां बनी हुई हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 29 जून को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे 30 जून को तेज आंधीऔर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में मानसून 1-2 जुलाई के बीच दस्तक दे सकता है। इसके बाद जुलाई के पहले 10 दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
