Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ गई है। इसके साथ ही विभाग ने आज कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, कल सोमवार को केवल अलवर, कोटपूतली, सीकर, राजसमंद में बरसात हुई।
मौसम विभाग ने बताया की मानसून ट्रफ सोमवार को अपनी सामान्य पॉजीशन से शिफ्ट होकर उत्तर भारत की तरफ चली गई, राज्य में अगले 4-5 दिन मानसून कमजोर रहने की संभावना है। अब 12 सितंबर से फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
बताया जा रहा है की इस साल राजस्थान में मानसून काफी कमजोर रहा है। केवल चार जिलों में ही सामान्य से ज्यादा बरसात रिकॉर्ड हुई है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात राजसमंद के नाथद्वारा में हुई। यहां करीब 28MM पानी बरसा। इधर देर शाम श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू के एरिया में भी बादल छाने के बाद कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई और तेज हवा चली।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून कमजोर रहेगा। हालांकि, आज भरतपुर, कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 12 सितंबर से एक और नया बारिश का दौर शुरू होने तथा पुनः बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।