गीतांजली में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 700 से अधिक विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित भारत का संदेश

 | 
GMCH

 

Udaipur Times, GMCH News: गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग तथा आधार फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गीतांजली ऑडिटोरियम में आयोजित 'रोड सेफ्टी सुपरहीरो सम्मान समारोह' एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में 700 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महारानी साहिबा निवृत्ति कुमारी मेवाड़ तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ज्ञानदेव विश्वकर्मा रहे। आयोजन में गीतांजली हॉस्पिटल के हेड ऑफ मार्केटिंग कल्पेश चंद राजबर, आधार फाउंडेशन ट्रस्ट के डायरेक्टर नारायण चौधरी एवं सचिव प्रीति पामेचा सहित आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विद्यार्थियों ने नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। समारोह में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन्स, आपातकालीन विभाग के कर्मियों, एम्बुलेंस चालकों को 'रोड सेफ्टी सुपरहीरो सम्मान' से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर हेड ऑफ मार्केटिंग कल्पेश चंद रजबार ने बताया गया कि गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल दक्षिणी राजस्थान में वर्षों से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ एम्बुलेंस कर्मियों एवं विभिन्न संस्थाओं को बीएलएस (BLS) और एटीएलएस (ATLS) जैसे जीवनरक्षक प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहा है, जिससे गोल्डन ऑवर में बेहतर उपचार सुनिश्चित हो रहा है।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए सदैव आगे आने का संकल्प लिया।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News