चलती कार गैंगरेप केस: पीड़िता के कपड़े बरामद
आरोपी दंपती के घर से मोजे व अंडरगारमेंट जब्त, तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
उदयपुर,30 दिसंबर 2025 - पुलिस ने चलती कार में महिला मैनेजर से गैंगरेप के मामले में एक आरोपी के घर से पीड़िता के कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी दंपती, जिसमें आईटी कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति शामिल है, के घर से पीड़िता के मोजे और अंडरगारमेंट भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अब तक पीड़िता की इयररिंग का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के तहत पुलिस ने आरोपियों के वॉयस सैंपल भी लिए हैं, ताकि कार के डैश कैम में रिकॉर्ड हुए ऑडियो-वीडियो से वॉयस का मिलान किया जा सके। सभी सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इसके अलावा आरोपी सीईओ और महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया है।
उधर, सोमवार को चार दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आईटी कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
