हरियाणा रोडवेज की जमीन पर यहां बनेगी मल्टीस्टोरी पार्किंग, जाम से मिलेगी राहत
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के हिसार जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। हिसार शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार बस स्टैंड और इसके आसपास के क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने प्लान बनाया है। इसके तहत रोडवेज की जमीन पर ही मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने दो संभावित स्थान चिह्नित किए हैं। किस स्थान पर पार्किंग बनाना अधिक व्यावहारिक और कारगर रहेगा, इसका अंतिम फैसला फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।
बस स्टैंड में मल्टीस्टोरी पार्किंग के लिए चिह्नित जमीन।
1. सड़कों से हटेगा अवैध पार्किंग का बोझ : अभी बस स्टैंड के आसपास के बाजारों, अस्पतालों और दफ्तरों में आने वाले लोग तथा बसों में सफर करने वाले यात्री अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन मुख्य सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं। मल्टीस्टोरी पार्किंग बनने से सैकड़ों वाहन एक ही छत के नीचे सुरक्षित खड़े हो सकेंगे।
2. ट्रैफिक जाम से राहत : मुख्य सड़क दिल्ली रोड व आसपास के संपर्क मार्ग के दोनों ओर बेतरतीब वाहन खड़े होने के कारण सड़क की चौड़ाई आधी रह जाती है। वाहनों के पार्किंग में शिफ्ट होते ही सड़क खाली मिलेगी, जिससे जाम से राहत मिलेगी।
3. यात्रियों और दुकानदारों को सुरक्षा व सुविधा : बाहर से आने वाले यात्रियों को अपने वाहन चोरी होने या ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान कटने व क्रेन से वाहन उठाए जाने के डर से निजात मिलेगी। साथ ही आसपास के दुकानदारों का व्यापार भी सुगम होगा।
4. बसों के आवागमन में सुगमता : गेट के आसपास वाहनों की भीड़ कम होने से रोडवेज और निजी बसों के अंदर जाने और बाहर निकलने का रास्ता साफ रहेगा, जिससे बसों की लेटलतीफी भी कम होगी।
एनओसी और फिजिबिलिटी पर टिका फैसला, फिलहाल मुख्यालय स्तर पर फाइल पेंडिंग
अधिकारियों के अनुसार, पहले विकल्प के रूप में मेन बस स्टैंड के प्रवेश द्वार के साथ बनी मौजूदा ग्राउंड पार्किंग की जगह को चुना गया है। यहां मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाने के लिए रोडवेज महाप्रबंधक ने मुख्यालय से अनापत्ति प्रमाण-पत्र मांगा है। फाइल मुख्यालय स्तर पर पेंडिंग है। दूसरा, लोकल बस स्टैंड के आगे खाली जगह को चिह्नित किया गया है। यहां मल्टीस्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट कितना सफल और कारगर साबित होगा, इसकी फिजिबिलिटी जांच की जाएगी।
❝ मेन बस स्टैंड के मुख्य गेट के साथ ग्राउंड पार्किंग की जगह की एनओसी के लिए रोडवेज जीएम मुख्यालय लिख चुके हैं। अभी एनओसी पेंडिंग है। हाल ही में हुई मीटिंग में दूसरे विकल्प को लेकर चर्चा हुई थी। इस दिशा में भी आगे प्रोसेस शुरू किया जाएगा।❞ - गौरव जैन, एक्सईएन, बीएंडआर।