हरियाणा में नगर परिषद का क्लर्क गिरफ्तार, 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में नगर परिषद का क्लर्क गिरफ्तार, 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

चंडीगढ़ 19 नवंबर : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद की टीम ने पलवल नगर परिषद कार्यालय में तैनात एक क्लर्क को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरज के रूप में हुई है।

प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के बदले मांगी थी रिश्वत, 4 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी कि नगर परिषद कार्यालय में तैनात क्लर्क सूरज ने उसके परिचित व्यक्ति की प्रॉपर्टी आईडी में सुधार करने की एवज में 4 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के इंचार्ज निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क सूरज को शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

आरोपी सूरज के विरुद्ध एफआईआर संख्या 28, दिनांक 19 नवंबर 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News