मुस्लिम समुदाय ने मनाई ईद
शहर में सोमवार को मुस्लिम समुदाय ने ईदुलफितर का पर्व मनाया। पलटन सहित विभिन्न मस्जिदों में सुबह 7 से 9 बजे के बीच ईद के ख़ुत्बे की नमाज अदा की गई। नमाज में हजारों लोग एक साथ सजदे में झुके। लोगों ने नमाज के बाद देश में अमन चैन व बारिश की दुआएं मांगी।

नमाज के बाद विभिन्न दरगाहो, मज़ारो और कब्रिस्तान जाकर लोगो ने ज़ियारत की और अपने घरों पर सिवइयां खिलाकर एकदूसरे का मुंह मीठा किया। इस अवसर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने घर-घर जाकर एक दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में बड़े बुर्जुगों से दुआएं ली, उन्होंने सभी को ईदी दी। ईद पर दिनभर घरों में रिश्तेदारों का तांता लगा रहा।

रविवार को जिले में कहीं भी चांद के दीदार नहीं होने पर अंजुमन हिलाल कमेटी ने चित्तौडग़ढ़ से शहादत लाकर देर रात घोषणा की। बादलों की ओट में छिपे चांद नजर नहीं आने पर लोगों ने मगरीब की नमाज के बाद रिश्तेदारों को अन्य जगहों पर फोन घनघनाए। शुरुआत में अजमेर के किशनगढ़ में दिखने की सूचना मिली। बाद में चित्तौडग़ढ़ से सूचना मिलते ही हिलाल कमेटी के सदस्य शहादत लेने पहुंचे। 
अंजुमन हिलाल कमेटी ने बताया कि उदयपुर चांद नहीं दिखने पर कमेटी के मौलाना जुलकरनैन, अंजुमन के नायब सदर मुन्नवर अशरफ खां, सैयद मुर्तजा व डॉ.नूर मोहम्मद चित्तौडग़ढ़ से शहादत लेकर आए। ईद को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखा गया।