दिल्ली-हरियाणा के बीच नमो भारत कॉरिडोर को मिली मंजूरी ! इन 22 जगहों पर बनेंगे नए स्टेशन ?

 | 
दिल्ली-हरियाणा के बीच नमो भारत कॉरिडोर को मिली मंजूरी ! इन 22 जगहों पर बनेंगे नए स्टेशन ?

Udaipur Times, Namo Bharat Cooridor : सराय काले खां से करनाल तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एनएच-44 पर दिल्ली और हरियाणा के हिस्से में कॉरिडोर निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब अंतिम अनुमति के लिए एनसीआरटीसी को परियोजना के फाइनल डिजाइन, विस्तृत ड्राइंग और अन्य तकनीकी दस्तावेज प्राधिकरण के समक्ष जमा कराने होंगे। 

सोनीपत से प्रतिदिन करीब 40 हजार यात्री दिल्ली का सफर करते हैं। नमो भारत कॉरिडोर बनने के बाद दिल्ली जाने या आने में लगने वाला समय करीब तीन घंटे से घटकर डेढ़ घंटे रह जाने का अनुमान है। कॉरिडोर की हाईवे से कनेक्टिविटी होने के कारण आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। हालांकि, मेट्रो और नमो भारत सेवा कब शुरू होगी, इसकी समयसीमा तय नहीं है। 

हाईवे की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का रखना होगा ध्यान : एनसीआरटीसी को खंभों की स्थिति ऐसे निर्धारित करनी होगी कि हाईवे और सर्विस रोड पर अतिरिक्त लेन बनाने की गुंजाइश बनी रहे। मौजूदा पुल, पुलिया, नालियों, लाइटों, एफओबी और अन्य यूटिलिटी का प्री-कंडीशन सर्वे कराना अनिवार्य होगा। निर्माण से पहले ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान जमा करना होगा। निर्माण के दौरान एनएचएआई की किसी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी मरम्मत एनसीआरटीसी को अपने खर्च पर करानी होगी।

22 स्थानों पर प्रस्तावित हैं स्टेशन 

सराय काले खां से करनाल तक प्रस्तावित कॉरिडोर में 22 स्टेशन बनेंगे। इनमें इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झाड़ौदा, भलस्वा चौक, अलीपुर चौक, नरेला, कुंडली, केएमपी, वहालगढ़, मुरथल, वड़ी, गन्नौर, समालखा, पानीपत आईएसबीटी, पानीपत, सेक्टर-18, गांजबड़-वड़ीली-कोहंड, घरौंडा, करनाल बाइपास, सेक्टर-सात और करनाल न्यू आईएसबीटी शामिल हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News