हरियाणा से यूपी के इस नए रूट पर दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, देखें पूरा रूटमैप

 | 
हरियाणा से यूपी के इस नए रूट पर दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, देखें पूरा रूटमैप 

Udaipur Times, Namo Bharat :नोएडा एयरपोर्ट से फरीदाबाद और गुरुग्राम तक नमो भारत कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी मिल गई है। मेरठ मंडलायुक्त की समिति ने 64 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर की डीपीआर शासन को भेज दी है। अब प्रदेश सरकार इसका अध्ययन कर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजेगी।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में नमो भारत का जंक्शन बनेगा। यहां से ट्रेन नोएडा सेक्टर-168/142 होते हुए फरीदाबाद के सेक्टर-87/88 और बाटा चौक जाएगी। फिर गुरुग्राम में ग्वाल पहाड़ी, सेक्टर-58/61 होते हुए इफको चौक तक जाएगी। इस परियोजना पर 19 हजार 390 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसका 51 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और शेष 13 किलोमीटर का हिस्सा यूपी में होगा।

परियोजना की डीपीआर यूपी सरकार को भेजी
अध्ययन के बाद केंद्र को भेजी जाएगी रिपोर्ट

मेरठ मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने डीपीआर रखी। बैठक में एनसीईआरटीसी, नोएडा और यीड़ा अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि नमो भारत ट्रेन का एक कॉरिडोर गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक भी प्रस्तावित है।

बेहतर होगी कनेक्टिविटी

नमो भारत नोएडा एयरपोर्ट को गुरुग्राम और गाजियाबाद से जोड़ेगी। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में इसका इंटरचेंज बनेगा। दिल्ली-एनसीआर में बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत कॉरिडोर का जाल बिछाया जा रहा है।

एक कॉरिडोर गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक भी प्रस्तावित है। इसकी डीपीआर पर केंद्र सरकार को निर्णय लेना है। उम्मीद है कि कॉरिडोर की डीपीआर को जल्दी मंजूरी मिल जाए। गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक 72.44 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जाना प्रस्तावित है। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के 11 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं। परियोजना पर लगभग 20637 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। 

गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक कॉरिडोर बनाने की तैयारी पहले से पूरी कर ली है। एनसीईआरटी गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट के कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट शासन को भेज चुका है। ग्रेटर नोएडा-फरीदाबाद और गुरुग्राम के प्रस्तावित कॉरिडोर की प्रक्रिया पर काम शुरू होने की बाद उम्मीद है कि गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट के कॉरिडोर की डीपीआर को भी जल्द मंजूरी मिल जाए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News