यूपी-हरियाणा के इन रूटों पर 180 Kmph की स्पीड से दौड़ेगी नमो भारत, देखें पूरा रूट प्लान ?

 | 
यूपी-हरियाणा के इन रूटों पर 180 Kmph की स्पीड से दौड़ेगी नमो भारत, देखें पूरा रूट प्लान ?

Udaipur Times, Ghaziabad to Noida Airport Namo Bharat : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक पहुंचना आने वाले समय में और भी आसान होने वाला है। गाजियाबाद-जेवर नमो भारत (Namo Bharat) कॉरिडोर अब डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के चरण में पहुंच गया है। इस हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के शुरू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर महज 40 से 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने बताया कि गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम नमो भारत कॉरिडोर की डीपीआर तैयार की जा रही है। परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

180 किमी प्रति घंटे की होगी रफ्तार

करीब 72.44 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इसकी अनुमानित लागत करीब 20,640 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कॉरिडोर दिल्ली-एनसीआर के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी, औद्योगिक और व्यावसायिक इलाकों को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा।

12 स्टेशन होंगे शामिल

प्रस्तावित रूट गाजियाबाद से शुरू होकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र से होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाएगा। इस कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं-

गाजियाबाद (Ghaziabad)
गाजियाबाद साउथ (Ghaziabad South)
ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (Greater Noida West-Sector IV)
ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-2 (Greater Noida West-Sector II)
नॉलेज पार्क-5 (Knowledge Park V)
सूरजपुर (Surajpur)
परी चौक (Pari Chowk)
इकोटेक-6 (Ecotech VI)
दनकौर (Dankaur)
YEIDA नॉर्थ सेक्टर-18 (YEIDA North-Sector 18) 
YEIDA सेंट्रल सेक्टर-21 (YEIDA Central-Sector 21)
जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport)

इसके अलावा संचालन के लिए दोनों सिरों पर दो डिपो भी बनाए जाएंगे।

मेट्रो से मिलेगी आसान कनेक्टिविटी

इस कॉरिडोर को मौजूदा सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। परी चौक स्टेशन पर नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन से इंटरचेंज मिलेगा, जबकि YEIDA सेंट्रल सेक्टर-21 स्टेशन से प्रस्तावित नोएडा फिल्म सिटी तक आसान पहुंच होगी।

दिल्ली से आने वाले यात्री दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के जरिए गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पहुंचकर सीधे इस कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

निर्माण से पहले शुरू हुआ तैयारी का काम

परियोजना की मंजूरी से पहले ही भू-तकनीकी सर्वे (Geotechnical Investigation), यूटिलिटी मैपिंग, हाई टेंशन बिजली लाइनों और पानी की पाइपलाइन जैसी सुविधाओं को शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है, ताकि मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य में देरी न हो।

अन्य नमो भारत कॉरिडोर पर भी काम तेज

एनसीआरटीसी के अनुसार दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-एसएनबी-अलवर नमो भारत कॉरिडोर को भी जल्द केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। वहीं नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर भी डीपीआर चरण में है। आर्थिक सर्वेक्षण में देशभर में करीब 2,900 किलोमीटर लंबे नमो भारत नेटवर्क विकसित करने की संभावना भी जताई गई है, जिससे भविष्य में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News