दिल्ली से हरियाणा में इन 2 नए रूटों पर दौड़ेगी नमो भारत ! यहां बनेंगे 25 नए स्टेशन
Rapid Rail Corridor in Delhi NCR : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरियाणा सरकार ने दो नए नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इनमें पहला कॉरिडोर दिल्ली से गुरुग्राम और रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक जाएगा, जबकि दूसरा कॉरिडोर दिल्ली से सोनीपत और पानीपत के रास्ते करनाल तक पहुंचेगा।
इन हाई-स्पीड रैपिड रेल परियोजनाओं के लिए रूट मैप को मंजूरी मिल चुकी है और अब जमीन अधिग्रहण की नई नीति के जरिए निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
जमीन अधिग्रहण के लिए अपनाई जाएगी नई नीति
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अक्सर जमीन अधिग्रहण में देरी की वजह से अटक जाते हैं। इसे देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने हरियाणा सरकार से तेज प्रक्रिया अपनाने का आग्रह किया था।
इसके तहत राज्य सरकार अब निजी जमीन सीधे जमीन मालिकों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदेगी। यह वही मॉडल है, जिसे पहले गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना में अपनाया गया था। इससे लंबी कानूनी प्रक्रिया और विवादों से बचा जा सकेगा तथा किसानों और जमीन मालिकों को सीधे भुगतान किया जाएगा।
10 सदस्यीय समिति करेगी जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी
जमीन खरीद और मुआवजा तय करने के लिए एक 10 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इसकी अध्यक्षता गुरुग्राम के उपायुक्त करेंगे। समिति में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL), गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA), नगर निगम, राजस्व, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति जमीन मालिकों से बातचीत कर बाजार मूल्य के आधार पर जमीन खरीदने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करेगी।
पहले चरण में दिल्ली से धारूहेड़ा तक चलेगी नमो भारत ट्रेन
शुरुआत में इस परियोजना को दिल्ली से राजस्थान के बहरोड़ तक ले जाने की योजना थी, लेकिन काम में तेजी लाने के लिए इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में नमो भारत ट्रेन दिल्ली से हरियाणा के धारूहेड़ा तक चलेगी, जबकि दूसरे चरण में इसे राजस्थान के बहरोड़ तक बढ़ाया जाएगा।
पहले चरण में ये होंगे 13 स्टेशन
दिल्ली से धारूहेड़ा कॉरिडोर के पहले चरण में कुल 13 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें सराय काले खां, मुनिरका, एयरोसिटी, साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव, बिलासपुर और धारूहेड़ा प्रमुख स्टेशन होंगे।
रूट मैप और किन इलाकों को होगा फायदा
दिल्ली से गुरुग्राम और धारूहेड़ा तक नमो भारत ट्रेन परियोजना को कई चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में यह हाई-स्पीड ट्रेन दिल्ली से हरियाणा के धारूहेड़ा तक संचालित होगी, जबकि दूसरे चरण में इसका विस्तार राजस्थान के बहरोड़ तक किया जाएगा। परियोजना को लेकर हरियाणा और केंद्र सरकार दोनों स्तर पर मंजूरी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
इस रूट के शुरू होने से खेरकी दौला, मानेसर, पचगांव और धारूहेड़ा जैसे इलाकों में विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। वर्तमान में घंटों का सफर रैपिड रेल के जरिए कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकेगा। वहीं, न्यू गुरुग्राम में खेरकी दौला और हीरो होंडा चौक के आसपास के सेक्टरों की तस्वीर बदलने की संभावना है। इसके अलावा साइबर सिटी और इफको चौक क्षेत्र में भी रियल एस्टेट, व्यावसायिक गतिविधियों और बुनियादी ढांचे के विकास को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
