नर्मदा एक्सप्रेसवे बनेगा गेमचेंजर ! इन 10 जिलों की बदलेगी तस्वीर, जाने क्या-क्या मिलेगा फायदा ?

 | 
नर्मदा एक्सप्रेसवे बनेगा गेमचेंजर ! इन 10 जिलों की बदलेगी तस्वीर, जाने क्या-क्या मिलेगा फायदा ?

Udaipur Times, Narmada Expressway : मध्य प्रदेश में प्रस्तावित नर्मदा एक्सप्रेसवे  (Narmada Expressway) राज्य का सबसे लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है। यह परियोजना प्रदेश को पूर्व से पश्चिम तक नर्मदा नदी के समानांतर जोड़ेगी। भविष्य में इस एक्सप्रेसवे को गुजरात के भरूच या अहमदाबाद तक विस्तार देने की भी योजना है। इसके पूरा होने पर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच हाई-स्पीड सड़क संपर्क स्थापित होगा।

एमपी के 10 जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे

प्रस्तावित एक्सप्रेसवे अमरकंटक (अनूपपुर) से शुरू होकर डिंडोरी, मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी और अलीराजपुर से होकर गुजरेगा। इससे इन जिलों के बीच तेज और सुगम सड़क संपर्क मिलेगा।

30 राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से होगा कनेक्शन

नर्मदा प्रगति पथ को मध्य प्रदेश के करीब 30 राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से जोड़ा जाएगा। इससे इंदौर, भोपाल, जबलपुर समेत कई प्रमुख शहरों तक पहुंच आसान होगी और दूसरे राज्यों के हाईवे से भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। फिलहाल भूमि अधिग्रहण सहित अन्य प्रक्रियाएं जारी हैं।

छत्तीसगढ़ और गुजरात को भी मिलेगा फायदा

एक्सप्रेसवे बनने के बाद बिलासपुर, पेंड्रा और गौरेला-मरवाही जैसे छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों से आने वाले वाहन अमरकंटक के जरिए सीधे नर्मदा एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे। इससे जबलपुर, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन और अलीराजपुर की यात्रा तेज होगी। कोयला, सीमेंट और स्टील जैसे सामान के परिवहन की लागत और समय में भी कमी आएगी।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक आसान होगी पहुंच

इस परियोजना से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के यात्रियों को अमरकंटक, भेड़ाघाट, ओंकारेश्वर और महेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। वहीं भविष्य में एक्सप्रेसवे के गुजरात तक विस्तार के बाद पूर्वी भारत से गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों तक माल परिवहन भी तेज और आसान हो जाएगा।

सरकार का मानना है कि नर्मदा प्रगति पथ केवल एक एक्सप्रेसवे नहीं, बल्कि मध्य भारत की आर्थिक और औद्योगिक कनेक्टिविटी को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साबित होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News