नाथद्वारा विधानसभा को ₹12 करोड़ की बड़ी सौगात, 23 नई सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी

 | 
Nathdwara Road Projects

 

Udaipur Times, Nathdwara News: राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा वर्ष 2026-27 की अनुपालना में नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग ₹12 करोड़ की लागत से 23 सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के अंतर्गत 8 मिसिंग लिंक सड़कें एवं 15 नॉन-पेवेबल सड़कें शामिल हैं।

इन स्वीकृत कार्यों का लाभ नाथद्वारा विधानसभा के विभिन्न मंडलों नाथद्वारा, खमनोर, कोठारिया, देलवाड़ा एवं रेलमंगरा क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगा। लंबे समय से लंबित सड़क संपर्क एवं जर्जर मार्गों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने इस स्वीकृति पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

विधायक मेवाड़ ने कहा कि नाथद्वारा विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखते हुए अधिकाधिक कार्यों की स्वीकृति सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सड़क निर्माण कार्यों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News