Nathdwara: विशाल बावा एवं श्री लाल बावा ने कराया अभिषेक, प्रभु को अर्पित हुआ सवा लाख आम का भोग

स्नान यात्रा पर उमड़ा वैष्णवों का जनसैलाब, प्रसाद स्वरूप मिला स्नान जल एवं आम
 | 
Nathdwara

 

 

Udaipur Times, Nathdwara News: 29 जून 2026। पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी मंदिर में रविवार को ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्नान यात्रा उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रीजी प्रभु एवं श्री लाडले लाल प्रभु का सुगंधित अधिवासित जल से वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य ज्येष्ठाभिषेक स्नान सम्पन्न कराया गया।

तिलकायत राकेश महाराज की आज्ञा से मंगला दर्शन के पश्चात श्री विशाल बावा एवं श्री लाल बावा ने श्रीजी प्रभु का नंदालय के युवराज के राजसी भाव तथा श्री यमुनाजी एवं स्वामिनीजी की सेवा-भावना के अनुरूप पुरुष सूक्त के सस्वर मंत्रोच्चार के बीच शंख से पवित्र जल का छिड़काव करते हुए ज्येष्ठाभिषेक स्नान कराया। वहीं श्री लाडले लालनजी प्रभु को मोती महल चौक में विराजित कर उनका भी विधिवत ज्येष्ठाभिषेक सम्पन्न हुआ। इस सेवा का मुख्य भाव प्रभु के तत्सुख का रहा।

स्नान यात्रा की परंपरा के अनुसार निज मंदिर, डोल तिबारी एवं रतन चौक में प्रभु के समक्ष सवा लाख आम का भोग अर्पित किया गया। श्री विशाल बावा एवं श्री लाल बावा ने प्रभु को यह विशेष भोग समर्पित कर आरोगाया।

इस अलौकिक एवं भावपूर्ण उत्सव के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पुष्टिमार्गीय वैष्णव एवं श्रद्धालु नाथद्वारा पहुंचे। प्रभु के ज्येष्ठाभिषेक स्नान एवं विशेष दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

तिलकायत की आज्ञा से इस अवसर पर विशेष एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था की गई, जिससे सभी श्रद्धालुओं को प्रभु के दिव्य दर्शन सुलभ हो सके। वहीं वैष्णवजनों को प्रभु के आशीर्वाद स्वरूप ज्येष्ठाभिषेक स्नान का पावन जल तथा सवा लाख आम के भोग का प्रसाद भी वितरित किया गया।

उत्सव के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में मंदिर के समस्त सेवकों एवं प्रशासनिक सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

 

 

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News