जयपुर में 1 जुलाई से राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस, CM भजनलाल शर्मा करेंगे उद्घाटन

 | 
Jaipur Digital Conference

 

Udaipur Times, Rajasthan News: 30 जून 2026। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 1 और 2 जुलाई को आयोजित होने वाली 29वीं राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस (NCeG 2026) का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस दो दिवसीय सम्मेलन की थीम "विकसित भारत 2047: एआई सक्षम, डेटा संचालित एवं सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस" रखी गई है।

सम्मेलन का आयोजन केन्द्रीय प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम 'विकसित भारत 2047: एआई सक्षम, डेटा संचालित एवं सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस' रखी गई है।

मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, जनउपयोगी डिजिटल सेवाओं का होगा लोकार्पण

कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन बुधवार, 1 जुलाई को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान एनसीईजी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा तथा प्रदेश की विभिन्न जनउपयोगी डिजिटल सेवाओं का शुभारंभ भी होगा। 

गुरुवार, 2 जुलाई को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार— 2026 प्रदान किए जाएंगे।

डिजिटल गवर्नेंस के भविष्य पर होगा विचार-विमर्श

दो दिवसीय सम्मेलन में 2,700 से अधिक प्रतिनिधि, 200 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, भारत सरकार के वरिष्ठ सचिव, विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, 400 से अधिक शिक्षाविद, 1,100 से अधिक स्टार्टअप्स एवं उद्यमी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा शोधकर्ता भाग लेंगे।

सम्मेलन में 6 प्लेनरी सेशन एवं 6 ब्रेकआउट सेशन आयोजित होंगे, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित गवर्नेंस, सुरक्षित डिजिटल अवसंरचना, डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, स्मार्ट पुलिसिंग, पब्लिक सेफ्टी, डीप टेक, वॉयस-फर्स्ट सॉल्यूशंस तथा भविष्य की डिजिटल प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।

42 प्रदर्शनी स्टॉल्स पर दिखेगा डिजिटल भारत का नवाचार

कॉन्फ्रेंस परिसर में 42 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां केंद्र एवं विभिन्न राज्यों के डिजिटल नवाचारों के साथ राजस्थान सरकार की प्रमुख ई-गवर्नेंस परियोजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। राजस्थान सरकार जन आधार, ई-मित्र, राजस्थान संपर्क-181, राजकाज, राज किसान साथी, स्मार्ट गवर्नेंस एवं स्टेट डेटा सेंटर सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेगी। सम्मेलन के दौरान आईटी प्लेटफॉर्म एवं बिल्डिंग ब्लॉक्स हैंडबुक का भी विमोचन किया जाएगा।

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कारों से होगा उत्कृष्ट नवाचारों का सम्मान

डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं परियोजनाओं को सम्मेलन के दौरान 16 राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार (स्वर्ण एवं रजत) तथा एक विशेष जूरी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

स्टार्टअप्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

सम्मेलन के अंतर्गत आईएसबी, हैदराबाद के सहयोग से राजस्थान एआई बिल्डर्स पिच-ए-थॉन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग 1,700 स्टार्टअप्स ने भागीदारी दर्ज कराई है। श्रेष्ठ तीन स्टार्टअप्स को क्रमशः एक लाख, पचास हजार एवं पच्चीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही चयनित स्टार्टअप्स को आईएसबी, हैदराबाद के विशेष मेंटरशिप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ मिलेगा।

सम्मेलन में नैसकॉम नॉलेज पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है। वहीं मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान सहित देश के प्रमुख शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों को भी सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्लेनरी सेशन और ब्रेकआउट सेशन
सम्मेलन में 6 प्लेनरी सेशन और 6 ब्रेकआउट सेशन आयोजित किए जाएंगे। 

 प्लेनरी सेशन  के विषय
 एआई बेस्ड गवर्नेन्स फॉर ऑल 
 ब्रिजिंग डिजिटल डिवाइड - वॉइस फर्स्ट सॉल्यूशंस इन इम्पोर्टेंट पब्लिक सर्विसेज
 ड्राइविंग अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू टेक्नोलॉजी
 एआई फॉर स्मार्ट पुलिसिंग एंड पब्लिक सेफ्टी
 सिटिजन सेंट्रीक गवर्नेंस: इन्क्लुसिव गवर्नेंस
 डिजिटल इंटरवेंशंस टू एनहांस एक्सेस एंड क्वालिटी ऑफ स्कूल एजुकेशन

 ब्रेकआउट सेशन  के विषय
 डीप टेक एंड क्वांटम ड्रिवन डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन
 एआई एंड डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर सिक्योर पब्लिक सर्विसेज
 ग्रासरूट्स गवर्नेंस: डिजिटल डिसेंट्रलाइज्ड, डेटा-ड्रिवन
 एक्सीलेंस इन ई-गवर्नेंस इनिशिएटिव्स बाय गोल्ड अवार्डीज़ ऑफ NCeG 2026 - I
 एक्सीलेंस इन ई-गवर्नेंस इनिशिएटिव्स बाय गोल्ड अवार्डीज़ ऑफ NCeG 2026 - II
 एम्पावरिंग यूथ, एक्सेलरेटिंग इनोवेशन, ट्रांसफॉर्मिंग गवर्नेंस

इन सत्रों में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता, प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के प्रोफेसर, उद्योग विशेषज्ञ तथा गोल्ड अवार्ड विजेता विभिन्न प्रोजेक्ट्स के प्रतिनिधि भाग लेंगे और विचार-विमर्श करेंगे।

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में केंद्र, राज्य सरकारों, उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए डिजिटल शासन के नवीनतम आयामों पर विचार-विमर्श करना है। यह सम्मेलन एआई, डीप टेक, क्वांटम कंप्यूटिंग, वॉइस फर्स्ट सॉल्यूशंस और सुरक्षित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से समावेशी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा का मंच प्रदान करेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News