हरियाणा में 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगेगा राष्ट्रीय मेला, देशभर से जुटेंगे लाखों श्रद्धालु

 | 
हरियाणा में 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगेगा राष्ट्रीय मेला, देशभर से जुटेंगे लाखों श्रद्धालु

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर का विशाल वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में देश और प्रदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु, वैश्य समाज के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग भाग लेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

यह जानकारी देते हुए अग्रोहा धाम के प्रदेश प्रवक्ता डा. राजकुमार गोयल ने बताया कि इस मेले में जगतगुरु ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी, अग्रोहा धाम के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, पंजाब के कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल, देश के प्रमुख उद्योगपति विधायक सावित्री जिंदल सहित अनेक मंत्री, समाजसेवी, संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे। मेले में प्रमुख कलाकार मासूम शर्मा, भजन गायिका अंजलि द्विवेदी उपस्थित जन का मन मोहने का काम करेंगे। 

इस मेले में विशाल महासम्मेलन का आयोजन भी होगा जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भाग लेंगे। सम्मेलन में सामाजिक सेवा, शिक्षा, संस्कार, समाज की वर्तमान चुनौतियों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस महासम्मेलन में समाज एवं राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।,

गोयल ने बताया कि अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस मेले में सुबह से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। श्रद्धालु शक्ति सरोवर में स्नान, मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं आरती में शामिल होंगे। महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ साथ श्री महालक्ष्मी जी का छप्पन भोग, विशाल भंडारा और ध्वजारोहण सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

राष्ट्रीय मेले का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ समाज को एकजुट करना और महाराजा अग्रसेन के सामाजिक आदर्शों को जन जन तक पहुंचाना है। मेले में धर्म, संस्कृति, सेवा और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।

धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम बनेंगे आकर्षण 

इस राष्ट्रीय मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालु अग्रोहा धाम में बने माता महालक्ष्मी, महाराजा अग्रसेन, माता सरस्वती, माता वैष्णो देवी, अमरनाथ की बर्फानी गुफा, तिरुपति बालाजी, भैरव बाबा और रामेश्वर धाम सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा मां गंगा अवतरण, 90 फुट ऊंची बाबा हनुमान जी की प्रतिमा, श्री कृष्ण लीला और श्री राम लीला की विद्युत संचालित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 

बच्चों एवं परिवारों के लिए मनोरंजक झूलों की भी व्यवस्था रहेगी। प्रसिद्ध भजन गायकों एवं कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले के सांस्कृतिक पक्ष को और भव्य बनाएंगी।

अग्रोहा धाम के विकास कार्यों को लेकर भी उठी मांग 

राजकुमार गोयल ने बताया कि अग्रोहा धाम में करीबन 30 करोड़ रुपये की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये की लागत से विशाल ऑडिटोरियम एवं अन्य विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्रोहा धाम महाराजा अग्रसेन की कर्मभूमि से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल है। 

यहां होने वाले विकास कार्यों से देशभर के लोगों को महाराजा अग्रसेन के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को जानने का अवसर मिलता है। गोयल ने बताया कि अग्रोहा धाम के टीले की खुदाई का काम काफी समय से बंद पड़ा है इस सम्मेलन में सरकार से मांग की जाऐगी कि किले की खुदाई का काम तुरंत प्रभाव से शुरू करवाया जाए।

महाराजा अग्रसेन के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास 

राजकुमार गोयल ने कहा कि अग्रोहा धाम केवल धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि महाराजा अग्रसेन की विचारधारा और सामाजिक आदर्शों की पहचान है। महाराजा अग्रसेन ने समाज को आपसी सहयोग, समानता, भाईचारे और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया था। 

राष्ट्रीय मेले के माध्यम से इन विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से 25 अक्टूबर को परिवार सहित अग्रोहा धाम पहुंचकर राष्ट्रीय मेले में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी से यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ साथ सामाजिक भाईचारे और भारतीय संस्कृति का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News