दिल्ली से वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन के साथ बसेंगे नए शहर, नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेगा बड़ा बिजनेस हब

 | 
दिल्ली से वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन के साथ बसेंगे नए शहर, नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेगा बड़ा बिजनेस हब 

Udaipur Times, Delhi Varanasi High Speed ​​Train : दिल्ली से वाराणसी को जोड़ने वाली हाईस्पीड ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मथुरा के आसपास बड़े पैमाने पर आवासीय और व्यावसायिक शहर बसाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मथुरा में प्रस्तावित स्टेशन के पास 100 से 200 एकड़ जमीन की मांग की है।

स्टेशन के आसपास विकसित होंगे नए टाउनशिप

हाईस्पीड ट्रेन परियोजना के तहत मथुरा के इटौली गांव में बनने वाले स्टेशन के आसपास बहुमंजिला आवासीय परियोजनाएं, होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ऑफिस स्पेस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को विकसित करने की योजना है। अधिकारियों का मानना है कि इससे इलाके में तेजी से विकास होगा, निवेश बढ़ेगा और हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन की चयनित एजेंसी के अधिकारियों ने यमुना प्राधिकरण (YEIDA) के साथ बैठक कर स्टेशन के आसपास रियल एस्टेट डेवलपमेंट का प्रस्ताव भी रखा है। जल्द ही इस संबंध में अगली बैठक होगी, जिसके बाद जमीन आवंटन पर फैसला लिया जाएगा।

नोएडा एयरपोर्ट और मथुरा में बनेंगे प्रमुख स्टेशन

दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन का एक स्टेशन नोएडा के सेक्टर-148 में बनाया जाएगा, जबकि दूसरा स्टेशन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (GTC) में अंडरग्राउंड होगा। इसके अलावा मथुरा के इटौली गांव और आगरा के ऐत्मादपुर में भी स्टेशन प्रस्तावित हैं।

दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट सिर्फ 21 मिनट में

परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक करीब 70 किलोमीटर का सफर महज 21 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। यह हाईस्पीड ट्रेन दिल्ली, नोएडा, मथुरा, आगरा, इटावा, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी तक करीब 800 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ेगी।

पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

मथुरा में हाईस्पीड स्टेशन बनने से वृंदावन और बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। इसके साथ ही आगरा के ताजमहल तक भी लोग कम समय में पहुंच सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन और पर्यटन उद्योग को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

देश का पहला मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी वाला एयरपोर्ट बनेगा नोएडा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का पहला ऐसा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा, जो हाईस्पीड ट्रेन, मेट्रो और नमो भारत ट्रेन जैसी आधुनिक परिवहन सेवाओं से सीधे जुड़ा होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और कई राष्ट्रीय राजमार्गों से भी जोड़ा जा रहा है।

बुनियादी सुविधाओं की भी तैयार हो रही रिपोर्ट

यीडा क्षेत्र में परियोजना के अलाइनमेंट के साथ-साथ बिजली, पानी और गैस पाइपलाइन जैसी बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या न हो। यमुना प्राधिकरण का अधिसूचित क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा समेत छह जिलों में फैला हुआ है।

यीडा के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि मथुरा में स्टेशन के आसपास आवासीय और व्यावसायिक विकास से निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा और यह क्षेत्र भविष्य में एक बड़े आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News