geetanjali-udaipurtimes

रेल विकास से क्षेत्र में जुडेंगे नए आयाम – डॉ. गिरिजा

केन्द्रीय आवासन एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री डॉ.गिरिजा व्यास ने कहा कि मेवाड क्षेत्र में रेल विकास का सपना हमारे पुरखों ने देखा था आज वह फलीभूत हो रहा है। नवीन रेल विकास योजनाओं की क्रियान्विति से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

 | 
रेल विकास से क्षेत्र में जुडेंगे नए आयाम – डॉ. गिरिजा

केन्द्रीय आवासन एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री डॉ.गिरिजा व्यास ने कहा कि मेवाड क्षेत्र में रेल विकास का सपना हमारे पुरखों ने देखा था आज वह फलीभूत हो रहा है। नवीन रेल विकास योजनाओं की क्रियान्विति से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

डॉ.व्यास रविवार को उदयपुर जिले के मावली रेलवे स्टेशन परिसर में 295.20 करोड लागत के मावली-बडी सादडी आमान परिवर्तन कार्य के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पं.जवाहरलाल नेहरू ने रेल विकास का जो सपना देखा आज आम जन एवं संघर्ष समिति के अथक प्रयासों से मूर्त रूप लेने जा रहा हैं। उन्होंने इसके लिए सभी को बधाई दी।

डॉ.गिरिजा ने कहा कि वित्तीय संकट के बावजूद रेल मंत्रालय ने राज्य को पर्याप्त रेल संसाधन उपलब्ध कराकर राज्य के विकास हेतु प्रतिबद्घता जतायी है। मावली-बडीसादडी रेल आमान परिवर्तन से बीकानेर, जोधपुर,उदयपुर,अजमेर व कई समीपवर्ती क्षेत्र रेल विकास सेवा से जुड जायेंगे। इसके व्यापारिक, शैक्षिक एवं सामाजिक स्तर पर क्रांतिकारी प्रभाव पडेगा और विकास के नए संसाधन जुटेंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक कॉरीडोर से मारवाड लाइन के और जुड जाने से व्यावसायिक एवं सुरक्षा प्रणाली को आशातीत बल मिलेगा।

डॉ.व्यास ने कहा कि प्राचीन मावली स्टेशन के विकास की बहुप्रतीक्षित मांग भी पूर्ण ब्रॉडगेज होने के साथ ही पूरी जा जाएगी। इस योजना को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

उदयपुर-अहमदाबाद ब्रॉडगेज कार्य को पूरा करने के लिए भी वे पुरजोर आवाज उठा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में अफीम किसानों की समस्याओं, फोरलेन, रेलवे सहित कई अहम् योजनाओं के लिए किए गए वायदों को यूपीए सरकार ने पूरा करने में कोई कसर नहीं छोडी है। विकास के लिए जरुरी है कि सभी जन प्रतिनिधि, बुद्घिजीवी वर्ग एक जुट होकर प्रयास करें।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए उदयपुर सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि संसद में क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को उठाने में उन्होंने कोई कमी नही छोडी है, और मेवाड को नई योजनाओं की सौगातें इन्ही का परिणाम है। उन्होंने रेल खण्ड आमान परिवर्तन को क्षेत्र के लिए बडी सौगात बताया।

समारोह को मावली विधायक दलीचंद डांगी, पूर्व विधायक पुष्करलाल डांगी, प्रकाश चौधरी ने भी संबोधित किया।

मावली-बडी सादडी रेल खण्ड के आमान परिवर्तन कार्य के शुभारम्भ का शिलान्यास डॉ. गिरिजा व्यासने विधिवत पट्टिका अनावरण कर किया।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चाहतेराम ने आरंभ में स्वागत उद्बोधन में कहा कि मावली-बडी सादडी रेल खण्ड की कुल लंबाई 82.01 कि.मी. है जिसकी अनुमानित लागत रु. 295.20 करोड है। इस रेल खण्ड पर 7 रेलवे स्टेशन, 102 समपार फाटक, 1 रोड ऑवर ब्रिज, 93 रोड अण्डर ब्रिज, 3 बडे पुल तथा 137 छोटे पुलो का निर्माण किया जायेगा।

इस रेल खण्ड के आमान परिवर्तन के पश्चात् इस लाइन पर गाड़ियों की संभावित गति 100 कि.मी. प्रति घंटा रह सकेगी।

अंत में आभार मण्डल रेल प्रबन्धक, अजमेर, (उत्तर पश्चिम रेलवे) मनोज सेठ ने जताया।

समारोह में पूर्व विधायक शंकर लाल बैरवा, त्रिलोक पूर्बिया, गोपालकृष्ण शर्मा ‘गोपजी’, समाजसेवी तेजसिंह बानसी, आकाशवाणी के उप महानिदेशक माणिक आर्य, रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी तरूण जैन, पीआरओ कमल जोशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग, रेल प्रबन्धक, अजमेर, उत्तर पश्चिम रेलवे एवं रेलवे के विभागाध्यक्ष सहित गणमान्य जनप्रतिनिधिगण व अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal