हरियाणा के हिसार से इस रूट पर नई इलेक्ट्रिक AC बसें शुरू, देखें समय सारणी और किराया
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में बस यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। हरियाणा रोडवेज ने गुरुवार से हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा मेडिकल तक AC इलेक्ट्रिक बसें शुरू कर दी है। रोडवेज की इस शुरुआत से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और प्रसिद्ध अग्रोहा धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
अभी फिलहाल इस रूट पर कुल चार फेरे लगाए जाएंगे। ये इलेक्ट्रिक बसें दिन में चार बार हिसार से अग्रोहा मेडिकल जाएंगी और चार बार वापस हिसार लौटेंगी। इस प्रकार कुल मिलाकर रूट पर रोजाना आठ फेरे पूरे किए जाएंगे।
हिसार रोडवेज के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि अग्रोहा मेडिकल तक E-बसें चलाने के लिए विभाग द्वारा पूरी तैयारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि इस रूट पर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, तो आने वाले समय में फेरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।
इन बसों का हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा रूट के लिए समय तय कर दिया गया है। हिसार बस स्टैंड से अग्रोहा के लिए सुबह पहली बस 6:30 बजे, फिर 8:30 बजे, दोपहर में 12:30 बजे और दोपहर बाद 2:30 बजे चलेगी। अग्रोहा मेडिकल से हिसार बस स्टैंड के लिए सुबह 7:30 बजे, 9:30 बजे, दोपहर में 1:30 बजे और शाम को 3:30 बजे ई-बस रवाना होगी।
हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हिसार-अग्रोहा मेडिकल रूट पर शुरू की जा रही इन इलेक्ट्रिक बसों में सरकार द्वारा जारी विभिन्न प्रकार के यात्रा पास मान्य नहीं होंगे। इनमें वरिष्ठ नागरिक (सीनियर सिटीजन) पास, हैप्पी कार्ड, एनसीएमसी कार्ड, छात्र पास (स्टूडेंट पास) और दिव्यांग पास सहित अन्य श्रेणियों के पास शामिल हैं।
इसके अलावा 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधा किराया लगेगा। हरियाणा रोडवेज तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को मिलने वाली किराया रियायत भी इन बसों में लागू नहीं होगी। ई-बसों में यात्रा करने के लिए सभी को निर्धारित किराया देना होगा।
रोडवेज अधिकारियों ने जानकारी दी है कि विभाग को पांच और नई E-बसें मिलने के बाद उनका संचालन अन्य नए रूटों पर शुरू किया जाएगा। योजना के तहत आगामी दिनों में हिसार बस स्टैंड से कैंट, हिसार बस स्टैंड से कैमरी तथा हिसार बस स्टैंड से रायपुर रूट पर भी ई-बसें चलाई जाएगी। इन नए रूटों पर पहले भी ट्रायल किया जा चुका है और यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।
