चंडीगढ़ में बनेगा नया हाई-लेवल ब्रिज, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, Haryana news : चंडीगढ़ वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने मनीमाजरा और सेक्टर-26 को जोड़ने वाले सुखना चो के पुराने कॉजवे की जगह अब एक नया हाई-लेवल ब्रिज बनाने का फैसला लिया है। इस ब्रिज की लागत करीब 17 करोड़ रुपए होगी। बता दें कि यह पुल बारिश और बाढ़ के दौरान होने वाली समस्या से स्थायी राहत देगा।
जानकारी मिली है की इस ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सुखना चो पर बनने वाला शहर का तीसरा हाई-लेवल ब्रिज होगा और इससे मनीमाजरा, पंचकूला, आईटी पार्क और उत्तरी सेक्टरों के बीच आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा।
इस ब्रिज की लागत लगभग 17 करोड़ रुपए बताई जा रही है और ब्रिज की लंबाई 500 मीटर और चौड़ाई 27 मीटर होगी। इसमें 4 ट्रैफिक लेन, दोनों ओर साइकिल ट्रैक और 2-2 मीटर चौड़े फुटपाथ होंगे। यह सेक्टर-26 के टी-जंक्शन को मनीमाजरा के शास्त्री नगर से जोड़ेगा।
इस समय सुखना चो पर मौजूदा लो-लेवल कॉजवे हर वर्ष भारी बारिश के कारण पानी से भर जाता है। जिस कारण चंडीगढ़ और पंचकूला के बीच संपर्क बाधित हो जाता है और लोगों को काफी समस्या होती है। साल 2023 के मानसून के दौरान सुखना झील से पानी छोड़े जाने के बाद यह कॉजवे पूरी तरह जलमग्न हो गया था।
इसके अलावा यह मार्ग पंचकूला, मनीमाजरा और आईटी पार्क से आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। साथ ही यह सड़क पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, हरियाणा सचिवालय, सुखना झील और शहर के उत्तरी सेक्टरों तक पहुंचने के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
प्रशासन ने बताया कि पूरे ट्रैफिक सिस्टम को भी बेहतर बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार पता चला है कि सेक्टर-26 के मौजूदा टी-जंक्शन को लगभग दो मीटर ऊंचा किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट चौक की ओर जाने के लिए स्लिप रोड बनाई जाएगी। सेक्टर-26 से मनीमाजरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फ्री लेफ्ट टर्न लेन विकसित की जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी।
यह परियोजना पहली बार चंडीगढ़ मास्टर प्लान-2031 में प्रस्तावित की गई थी। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जलभराव की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इसकी रिपोर्ट तैयार करवाई।
