दूध बेचने वालों के लिए नया नियम ! अब लेना होगा FSSAI लाइसेंस, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

 | 
दूध बेचने वालों के लिए नया नियम ! अब लेना होगा FSSAI लाइसेंस, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

Udaipur Times, New Delhi : दूध की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध कारोबारियों के लिए FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) पंजीकरण और लाइसेंस संबंधी नियमों को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। नए निर्देशों के अनुसार, अब घर-घर दूध पहुंचाने वाले दूधियों, सीधे ग्राहकों को दूध बेचने वाले विक्रेताओं, दुकान संचालकों और डेयरी कारोबारियों के लिए पंजीकरण या लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्देशानुसार, विभाग दूध की बिक्री, भंडारण और परिवहन व्यवस्था की भी जांच करेगा। बाइक, ऑटो या पिकअप से दूध सप्लाई करने वालों को परिवहन के दौरान स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना होगा। छोटे विक्रेताओं को सामान्य पंजीकरण कराना होगा, जबकि कारोबार की मात्रा के आधार पर लाइसेंस की श्रेणी तय होगी। बिना लाइसेंस कारोबार करने या मिलावट पाए जाने पर सख्त जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी विक्रेताओं से समय रहते पंजीकरण पूरा करने की अपील की है ताकि जांच के दौरान परेशानी न हो। दूधियों में बढ़ी चिंता, प्रक्रिया सरल रखने की मांग- निर्देशों के बाद गांवों और कस्बों के दूधियों में चिंता बढ़ गई है। लंबे समय से पशुपालन व दूध बिक्री से जुड़े संदीप, मुकेश, रामकुमार और वीरेंद्र आदि दूधियों का कहना है कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल रखी जाए और छोटे विक्रेताओं को नियमों की पूरी जानकारी दी जाए।

अटल सेवा केंद्र से कर सकेंगे आवेदन- दूध विक्रेता FSSAI पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे विक्रेता पहचान और कारोबार संबंधी दस्तावेजों के साथ नजदीकी अटल सेवा केंद्र से भी आवेदन प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।

बिना लाइसेंस कारोबार पर जुर्माना

दूध की सप्लाई के लिए बाइक, ऑटो, पिकअप या अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने वाले विक्रेताओं को भी खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। दूध के परिवहन के दौरान स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, दूध की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना होगा।

विभाग की जांच के दौरान दूध की गुणवत्ता के साथ परिवहन और भंडारण की व्यवस्था भी देखी जा सकती है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक लाइसेंस के बिना खाद्य कारोबार करने पर दंड का प्रावधान है। दूध में मिलावट या असुरक्षित खाद्य पदार्थ की बिक्री पाए जाने पर मामले की गंभीरता के अनुसार अलग-अलग धाराओं के तहत जुर्माना और अन्य कार्रवाई हो सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News