हरियाणा में यहां बसेंगे नए सेक्टर ! 36 गांवों की 17358 एकड़ जमीन खरीदेगी सरकार, जानिए क्या है पूरा प्लान ?
Udaipur Times, Haryana News, Gurugram New Sectors: हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 36 राजस्व गांवों से 17,358 एकड़ जमीन खरीदकर नए रिहायशी, व्यावसायिक और संस्थागत सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई है। इन सेक्टरों में बेहतर सड़कें, आधुनिक सुविधाएं, सार्वजनिक उपयोग की जगहें और ग्रीन बफर विकसित किए जायेंगे।
भूमि खरीद अभियान डिजिटल तरीके से संचालित होगा
यह भूमि खरीद अभियान हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल तरीके से संचालित होगा। इसके लिए सरकार ने ई-भूमि पोर्टल को अधिकृत माध्यम बनाया है। अधिसूचित गांवों के भूमि मालिक पोर्टल पर अपनी जमीन का विवरण दर्ज कर स्वेच्छा से जमीन बेचने का प्रस्ताव दे सकते हैं।
पहले चरण में 40 हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) नहीं, बल्कि स्वैच्छिक भूमि खरीद (Land Procurement) है। यानी इसमें जमीन मालिकों की सहमति से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। इससे कानूनी विवाद और मुआवजे से जुड़े विवादों की संभावना कम होगी।
यह योजना राज्य सरकार के 1.7 लाख एकड़ भूमि विकसित करने के लक्ष्य का हिस्सा है। पहले चरण में 13 शहरों में करीब 40 हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसमें गुरुग्राम सबसे प्रमुख शहर है।
इन 36 गांवों की जमीन खरीदी जाएगी
खेड़की दौला, कादीपुर, सीही, हरसुरू, बसई, गाडोली, गाडोली कला, गाडोली खुर्द, बेहरामपुर, उल्लावास, कादरपुर, बादशाहपुर, टिकली, पलरा, खरकी, नौरंगपुर, मेदावास, सिकंदरपुर बड़ा, लखनौला, हयातपुर, नवादा, फतेहपुर, वजीरपुर, कांकरोला, मेवका, धनकोट, खेड़की, माजरा, दौलताबाद, धनवापुर, मोहम्मदपुर हेड़ी, टीकमपुर, बाबूपुर, पवाला, खुशरूपुर और दोरका।
जमीन मालिकों को क्या करना होगा?
यदि आपकी जमीन अधिसूचित गांवों में आती है, तो आपको ई-भूमि पोर्टल (e-Bhumi Portal) पर जाकर अपनी जमीन का विवरण अपलोड करना होगा। आवेदन के बाद भूमि का सत्यापन किया जाएगा और दस्तावेजों की जांच पूरी होने पर सहमति के आधार पर खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
भूमि मालिकों को अपनी जानकारी अपलोड करने के लिए दो महीने का समय दिया गया है। इसके बाद सरकार सत्यापन, समझौते और विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू करेगी।
अब तक HSVP गुरुग्राम में 52 सेक्टर विकसित कर चुका है, जिनमें 44 आवासीय, 6 औद्योगिक और 2 संस्थागत सेक्टर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में करीब 49,950 प्लॉट विकसित कर बेचे जा चुके हैं। नई योजना पूरी होने पर यह गुरुग्राम के इतिहास का सबसे बड़ा शहरी विस्तार माना जा रहा है।
