12 करोड़ से यहां बनेगा नया विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेगी खास सुविधाएं

 | 
12 करोड़ से यहां बनेगा नया विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेगी खास सुविधाएं

Udaipur Times, Hockey Stadium in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में खेल सुविधाओं को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-37 स्थित 10 एकड़ के जोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में करीब 12.8 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम का निर्माण कराने जा रहा है। स्टेडियम का निर्माण कार्य 29 मई से शुरू होने की तैयारी में है और इसके नौ महीने में पूरा होने की उम्मीद है।

प्राधिकरण ने बताया कि ई-टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर ठेका भी आवंटित कर दिया गया है। करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह हॉकी स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण की महत्वपूर्ण परियोजना है। भविष्य में यहां स्केटबोर्डिंग रिंक समेत अन्य खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ भूमि पूजन

हाल ही में सेक्टर-37 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हॉकी स्टेडियम का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रोमियो जेम्स, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रमोद बाटला और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों को नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर

फिलहाल गौतमबुद्ध नगर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कोई हॉकी स्टेडियम नहीं है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तथा प्रशिक्षण के लिए दिल्ली और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। नई सुविधा बनने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अपने जिले में ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा।

यह स्टेडियम न केवल शहरी क्षेत्रों बल्कि आसपास के गांवों के खिलाड़ियों के लिए भी वरदान साबित होगा। ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं, कोचिंग और बेहतर अभ्यास का मौका मिलेगा।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा ग्रेटर नोएडा

प्राधिकरण का मानना है कि स्टेडियम तैयार होने के बाद ग्रेटर नोएडा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने में सक्षम होगा। इससे जिले की पहचान एक बड़े खेल केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह हॉकी स्टेडियम केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि गौतमबुद्ध नगर के युवाओं के सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने वाला प्रोजेक्ट है। यहां से निकलने वाले खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम दुनिया भर में रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बड़ा स्पोर्ट्स हब बनेगा सेक्टर-37

जेवर विधायक ने कहा कि यह हॉकी स्टेडियम केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और अवसरों का केंद्र बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News