हरियाणा में रिश्वतखोरों की नहीं अब खैर ! क्लास-1 अफसरों को पकड़वाने पर मिलेगा बड़ा इनाम
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में अब रिश्वतखोर क्लास-1 अफसरों पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की नजर और ज्यादा पैनी होने जा रही है। बड़े अफसरों पर शिकंजा कसने के लिए ब्यूरो ने इनामी योजना तैयार की है, जिसमें न केवल एसीबी की टीम, बल्कि विश्वसनीय सूचना देकर भ्रष्ट अफसर को पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को भी इनाम मिलेगा।
इस नई व्यवस्था के तहत क्लास-1 अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने वाली एसीबी टीम को एक लाख रुपए तक का इनाम दिया जाएगा। वहीं, सूचना देने वाले आम नागरिक या मुखबिर को निर्धारित इनाम राशि का 30% हिस्सा दिया जाएगा।
पिछले दिनों इस प्रस्ताव को लेकर एसीबी अधिकारियों की विस्तार से बैठक भी हो चुकी है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे लाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
एसीबी चीफ अर्शिंद्र सिंह चावला का मानना है कि रिश्वतखोरी के मामलों में शिकायतकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि उन्हीं के सहयोग से कई मामलों में भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ना संभव हो पाता है। इसलिए ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए, ताकि उन्हें भ्रष्टाचार के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।