हरियाणा में बिजली चोरी करने वालों की नहीं अब खैर ! 22 थानों में 24 घंटे चलेगा अभियान
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में बिजली चोरी रोकने के लिए अब 22 थानों की पुलिस 24 घंटे अभियान चलाएगी। बिजली चोरी के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह निर्देश हरियाणा पावर यूटिलिटीज के निदेशक सतर्कता व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण ने शक्ति भवन, पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। एडीजीपी ने कहा कि बिजली चोरी से सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। इसे रोकना विभाग की पहली प्राथमिकता है।
बिजली चोरी रोकने से ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं के हितों की भी रक्षा होगी। उन्होंने ग्रामीण, शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोगों से भी बिजली चोरी की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 18001802124 का प्रचार करने को कहा गया है। इस नंबर पर बिजली चोरी की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
डॉ. रवि किरण ने आदतन बिजली चोरी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और उपभोक्ताओं से जुर्माना राशि जमा करवाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को थानों में कंप्यूटर ऑपरेटर, कार्यालय सहायक और जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों को काम में पारदर्शिता रखने, कार्यालयों और आसपास सफाई बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।