हरियाणा में सेवा संकल्प अभियान के लिए नोडल अधिकारी हुए नियुक्त, देखें पूरी जानकारी
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस बात की जानकारी हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा द्वारा दी गई।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा राज्य स्तर पर अभियान के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए निदेशालय के राज्य एनसीसी/एनएसएस अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार राज्य नोडल अधिकारी बनाया गया है। डॉ. दिनेश कुमार राज्यभर में अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और उच्च अधिकारियों के साथ समन्वय का कार्य संभालेंगे।
इसके साथ ही, प्रदेश के सभी जिलों में इस अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती से लागू करने के लिए जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने संबंधित जिलों के लिए जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में समाज सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों की भावना को मजबूत करना है। उच्चतर शिक्षा विभाग के माध्यम से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि वे जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे सकें।
उन्होंने सभी नवनियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तत्परता से कार्य करें और अभियान के तहत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का पारदर्शी व प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। सरकार का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है।