नोएडा एयरपोर्ट के पास 8000 हेक्टेयर में बनेगा नया शहर, 10 महीने में तैयार होगा मास्टर प्लान
Udaipur Times, Noida Airport: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन नोड के बीच करीब 8,000 हेक्टेयर क्षेत्र में एक नया आधुनिक शहर बसाने की योजना बनाई है। पहले इस क्षेत्र को केवल औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाना था, लेकिन अब इसे एक 'कम्प्लीट इकोसिस्टम' के रूप में तैयार किया जाएगा।
नए शहर में उद्योगों के साथ-साथ आवासीय सेक्टर, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, बड़े अस्पताल, होटल, मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर रहने, काम करने और शिक्षा-स्वास्थ्य की सुविधाएं मिल सकें।
10 महीने में तैयार होगा मास्टर प्लान
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए YEIDA ने टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट और मास्टर प्लान तैयार करने हेतु विशेषज्ञ एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एजेंसियां 5 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि 7 अगस्त को तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी।
चयनित एजेंसी को फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के लिए 6 महीने और इसके बाद मास्टर प्लान तैयार करने के लिए 4 महीने का समय मिलेगा। यानी करीब 10 महीने में पूरे शहर का मास्टर प्लान तैयार हो जाएगा। इसके बाद मंजूरी मिलते ही विकास कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
यमुना अथॉरिटी के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि नया शहर नोएडा एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर के बीच विकसित किया जाएगा और इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जा रहा है।
स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
इस बीच, नोएडा अथॉरिटी ने सेक्टर-150 स्थित स्पोर्ट्स सिटी के लंबे समय से अटके आवासीय प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। आर्थिक संकट से जूझ रहे बिल्डरों को अब जॉइंट डेवलपर (JD) लाने की अनुमति दी गई है, जिससे नए निवेश और तकनीकी सहयोग के जरिए रुकी परियोजनाओं को पूरा किया जा सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तेज हुई प्रक्रिया
स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं का निर्माण साल 2021 से रुका हुआ था। दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इन परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया तेज हुई। सेक्टर-150 के SC-2 (300 एकड़) प्लॉट का लेआउट प्लान मंजूर हो चुका है और कई बिल्डरों ने बिल्डिंग प्लान की मंजूरी के लिए आवेदन भी कर दिया है। वहीं SC-1 प्लॉट के लिए भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लेआउट प्लान तैयार किया जा रहा है।
