हरियाणा के डिफॉल्टर बिजली उपभोक्ताओं को नोटिस, सरकार अब ऐसे वसूल करेगी बकाया बिलों का पैसा
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के डिफॉल्टर बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के बिजली निगम स्थायी रूप से कटे कनेक्शनों की बकाया राशि लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत वसूलेंगे। डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर वसूली तहसीलदारों के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। सरकारी विभागों के बकाया बिजली बिल वसूलने के लिए भी विशेष अभियान चलेगा।
बड़े मामलों की निगरानी होगी और इन्हें उपायुक्तों की मासिक बैठकों में उठाया जाएगा। स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट किए गए कनेक्शनों वाले परिसरों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए तीन अधिकारियों की कमेटी गठित होगी। कमेटी जांचेगी कि कनेक्शन कटने के बाद परिसर में किसी अन्य नाम या व्यवस्था से बिजली आपूर्ति तो नहीं ली जा रही। दूसरा कनेक्शन चालू मिलने पर उसे तुरंत काटना होगा।
निगम प्रबंधन ने नए कनेक्शन जारी करने में अनियमितताएं रोकने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को नियम-8 के तहत चार्जशीट किया जाएगा। सत्यापन के लिए विकसित मोबाइल ऐप को नए बिजली कनेक्शन पोर्टल से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं।