अब हर गांव को मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट, सरकार ने शुरू किया ये नया प्रोजेक्ट

 | 
अब हर गांव को मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट, सरकार ने शुरू किया ये नया प्रोजेक्ट

Udaipur Times, New Project Ganga : उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक हाई स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के लिए योगी सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के गांवों में भी इंटरनेट कनेक्टिविटी को हाई स्पीड बनाने के लिए ‘प्रोजेक्ट गंगा’ की शुरुआत की है। उन्होंने इसे प्रदेश  का नया डिजिटल एक्सप्रेसवे बताया है। मुख्यमंत्री योगी का कहना है कि इससे गांवों में न केवल इंटरनेट पहुंचेगा, बल्कि रोजगार और डिजिटल सेवाओं के नए रास्ते भी खुलेंगे।

प्रदेश में डिजिटल सेवा प्रदाताओं का मजबूत नेटवर्क होगा तैयार 

प्रोजेक्ट गंगा के तहत प्रदेश में डिजिटल सेवा प्रदाताओं (DSP) का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। योजना का लक्ष्य करीब 20 लाख परिवारों तक हाई स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाना है। इसके साथ ही 8 से 10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाता तैयार किए जाएंगे, जिससे एक लाख से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। शुरुआत में यह योजना 21 जिलों में लागू की जा रही है।

प्रधानमंत्री के ‘डिजिटल इंडिया विजन’ को आगे बढ़ायेगी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को आगे बढ़ाने वाली है। उन्होंने इसकी तुलना गंगा के प्रवाह से करते हुए कहा कि जैसे गंगा अपने रास्ते में जीवन और समृद्धि लाती है, वैसे ही यह प्रोजेक्ट गांवों में डिजिटल विकास की नई धारा लेकर आएगा।

 सरकार का लक्ष्य इसे आगे चलकर 57 हजार ग्राम पंचायतों और करीब 8 हजार न्याय पंचायतों तक पहुंचाना है। इसके जरिए ग्रामीण इलाकों में डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन स्किल ट्रेनिंग जैसी सेवाएं मजबूत होंगी।

प्रोजेक्ट में हिंदुजा ग्रुप भी साझेदार 

इस प्रोजेक्ट में हिंदुजा ग्रुप भी साझेदार है। Hinduja Group ‘नो प्रॉफिट, नो लॉस’ मॉडल पर काम करेगा और इसमें महिलाओं की लगभग 50% भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

सरकार का फोकस ना केवल इंटरनेट देना है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर डिजिटल उद्यमी तैयार करने पर है। चयनित युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा।
कुल मिलाकर, ‘प्रोजेक्ट गंगा’ को राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था और डिजिटल विकास के बड़े बदलाव की शुरुआत के रूप में देख रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News