अब घर बैठे हरियाणा रोडवेज की बसें कर सकेंगे ट्रैक ! मोबाइल पर देख सकेंगे समय सारणी और रूट

 | 
अब घर बैठे हरियाणा रोडवेज की बसें कर सकेंगे ट्रैक ! मोबाइल पर देख सकेंगे समय सारणी और रूट   

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य परिवहन विभाग जल्द ही 1000 नई बसों की खरीद करेगा, जिनमें 500 इलेक्ट्रिक बसें और 500 सामान्य बसें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और यात्री सुविधाओं से युक्त बनाना है।

उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की सभी बसों में अत्याधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट की तर्ज पर बस अड्डों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बसों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी समय पर मिल सके।

परिवहन मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक आधुनिक मोबाइल ऐप भी विकसित किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से यात्री अपनी बस की लोकेशन, समय-सारणी और रूट संबंधी पूरी जानकारी मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे तथा अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना पाएंगे।

नई तकनीक के माध्यम से बसों के निर्धारित रूटों पर भी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई चालक बस को गलत रूट पर ले जाता है या निर्धारित बस अड्डे पर नहीं पहुंचता, तो सिस्टम में तुरंत अलर्ट जारी होगा और संबंधित चालक से स्वतः स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इससे परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि इस आधुनिक प्रणाली का ट्रायल वे स्वयं देख चुके हैं और जल्द ही इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसी एक जिले में शुरू किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News