अब बिना बड़ी छत और भारी खर्च के लगाएं सोलर, जानें प्लग से बिजली बनाने वाली क्या है नई तकनीक ?

 | 
अब बिना बड़ी छत और भारी खर्च के लगाएं सोलर, जानें प्लग से बिजली बनाने वाली क्या है नई तकनीक ?

Udaipur Times, How Plug-in Solar Works : अगर आप भी अपने घर पर सोलर पैनल लगवाना चाहते हैं लेकिन छत की कमी या ज्यादा खर्चें के कारण आप इसे नहीं लगवा पा रहे हैं, तो अब एक नई तकनीक आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। इसे प्लग-इन सोलर पैनल (Plug-in Solar Panel) या प्लग-एंड-प्ले सोलर कहा जाता है। इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे मोबाइल चार्जर की तरह सीधे पावर सॉकेट में लगाकर इस्तेमाल किया जा सकता है।

क्या है प्लग-इन सोलर तकनीक?

प्लग-इन सोलर पैनल पारंपरिक सोलर सिस्टम का आसान और पोर्टेबल संस्करण है। इसमें एक सोलर पैनल और एक माइक्रो-इनवर्टर होता है। सोलर पैनल धूप से डीसी (DC) बिजली बनाता है, जबकि माइक्रो-इनवर्टर उसे एसी (AC) बिजली में बदलकर घर की वायरिंग में भेज देता है। इसके लिए भारी-भरकम इंस्टॉलेशन या अतिरिक्त वायरिंग की जरूरत नहीं पड़ती।

कैसे करता है काम?

इस सिस्टम को ऐसी जगह लगाया जाता है जहां अच्छी धूप आती हो, जैसे बालकनी, छत या दीवार। इसके बाद माइक्रो-इनवर्टर का 3-पिन प्लग सीधे पावर सॉकेट में लगाया जाता है। स्विच ऑन करते ही सोलर से बनी बिजली घर की वायरिंग में सप्लाई होने लगती है। इससे पंखा, टीवी, फ्रिज जैसे उपकरण पहले सोलर बिजली का उपयोग करते हैं और ग्रिड से बिजली की खपत कम होने लगती है, जिससे बिजली बिल में भी बचत होती है।

कितनी बिजली बना सकता है?

800 वॉट का प्लग-इन सोलर सिस्टम एक दिन में करीब 2 से 3 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। पूरे साल में यह लगभग 600 से 800 यूनिट बिजली का उत्पादन कर सकता है। हालांकि इसकी क्षमता पारंपरिक रूफटॉप सोलर सिस्टम से कम होती है।

किन लोगों के लिए है बेहतर?

यह तकनीक खासतौर पर किराए के मकान में रहने वालों, कम बजट वाले उपभोक्ताओं और उन लोगों के लिए उपयोगी है जिनके पास बड़ा सोलर सिस्टम लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। छोटे घरेलू उपकरण, कंप्यूटर, इंटरनेट राउटर या गार्डन शेड जैसी जरूरतों के लिए यह अच्छा विकल्प माना जाता है।

कितना आता है खर्च?

प्लग-इन सोलर सिस्टम की कीमत उसकी क्षमता और गुणवत्ता पर निर्भर करती है। 300 से 400 वॉट का सिस्टम लगभग 25,000 से 35,000 रुपये में मिल सकता है। वहीं 800 वॉट का सिस्टम, जिसमें आमतौर पर दो सोलर पैनल और माइक्रो-इनवर्टर शामिल होता है, उसकी कीमत 50,000 से 75,000 रुपये तक हो सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News