अब टोल प्लाजा जाए बिना बनेगा लोकल पास ! NHAI ने लॉन्च की 2 नई सर्विसेज, जाने पूरी डिटेल

 | 
अब टोल प्लाजा जाए बिना बनेगा लोकल पास ! NHAI ने लॉन्च की 2 नई सर्विसेज, जाने पूरी डिटेल

Udaipur Times, Local Pass and MargMitra : राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने डिजिटल इंडिया और ईज ऑफ लिविंग मिशन को आगे बढ़ाते हुए हाईवे यात्रियों के लिए RajmargYatra मोबाइल ऐप में दो नई सुविधाएं शुरू की हैं। अब 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग घर बैठे डिजिटल लोकल टोल पास बनवा सकेंगे, वहीं 'MargMitra' हेल्प सेंटर के जरिए FASTag, टोल और शिकायतों से जुड़ी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी।

अब टोल प्लाजा जाए बिना बनेगा लोकल पास

नई सुविधा के तहत पात्र वाहन मालिक RajmargYatra ऐप के जरिए डिजिटल लोकल टोल पास खरीद सकेंगे। इसके लिए अब टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।

20 किमी दायरे के लोगों को मिलेगा लाभ

NHAI के अनुसार, पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासी डिजिटल लोकल पास बनवा सकेंगे। इस पास के जरिए वे संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित बार आवाजाही कर सकेंगे।

दिल्ली से हुई शुरुआत

डिजिटल लोकल टोल पास की सुविधा फिलहाल दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा (UER-II) पर शुरू की गई है। आने वाले महीनों में इसे देशभर के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।

DigiLocker और VAHAN से होगी ऑनलाइन जांच

लोकल पास जारी करने के लिए ऐप DigiLocker और VAHAN प्लेटफॉर्म से वाहन मालिक का पता, वाहन नंबर और लिंक्ड FASTag की जानकारी स्वतः सत्यापित करेगा। इसके अलावा GIS आधारित सत्यापन के जरिए पात्रता की पुष्टि की जाएगी, जिससे मैनुअल दस्तावेजों की आवश्यकता खत्म हो जाएगी।

MargMitra देगा हर समस्या का समाधान

NHAI ने RajmargYatra ऐप में 'MargMitra' हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया है। यह एक डिजिटल असिस्टेंस प्लेटफॉर्म है, जहां हाईवे उपयोगकर्ता जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, शिकायत दर्ज करा सकेंगे और सहायता हासिल कर सकेंगे।

22 भारतीय भाषाओं में मिलेगी सुविधा

यूजर अपनी समस्या या सवाल 22 भारतीय भाषाओं में टाइप या बोलकर दर्ज कर सकते हैं। MargMitra FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड स्टेटस, वार्षिक और लोकल पास जैसी सेवाओं से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएगा।

शिकायत दर्ज करने और ट्रैक करने की सुविधा

यदि किसी मामले में हस्तक्षेप की जरूरत होगी तो उपयोगकर्ता सीधे ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायत संबंधित विभाग को भेजी जाएगी और उसकी प्रगति को रियल टाइम में ट्रैक भी किया जा सकेगा। समाधान से असंतुष्ट होने पर अपील का विकल्प भी मिलेगा।

FASTag ब्लैकलिस्ट और ई-नोटिस की भी मिलेगी जानकारी

MargMitra के जरिए उपयोगकर्ता FASTag ब्लैकलिस्ट स्टेटस, लंबित ई-नोटिस देख सकेंगे और सड़क पर खराब वाहन, अतिक्रमण जैसी सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रिपोर्ट भी कर सकेंगे।

80 लाख से ज्यादा वार्षिक पास बिक चुके

NHAI ने बताया कि RajmargYatra ऐप के जरिए अब तक 80 लाख से अधिक वार्षिक पास जारी किए जा चुके हैं। नए फीचर्स से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा और अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और डिजिटल बनेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News