Udaipur Times, Ration News : बैंक ATM से पैसे निकालने की तरह अब लोग मशीन से अपना राशन भी निकाल सकेंगे। छत्तीसगढ़ में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन ATM’ की शुरुआत की गई है। फिलहाल यह सुविधा राज्य के कुछ चुनिंदा राशन वितरण केंद्रों पर शुरू हुई है। इसका मकसद राशन वितरण को आसान और पारदर्शी बनाना है।
जाने कैसे काम करेगा ग्रेन ATM?
ग्रेन ATM में टच स्क्रीन दी गई है। लाभार्थी को मशीन में अपना राशन कार्ड नंबर या आधार से पहचान दर्ज करनी होगी। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। पहचान की पुष्टि होते ही मशीन लाभार्थी के निर्धारित कोटे के अनुसार चावल निकाल देगी।
मशीन के नीचे एक बैग या कंटेनर रखा होगा, जिसमें अपने आप राशन गिर जाएगा। यानी राशन लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े रहने और ज्यादा समय इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।
24 घंटे राशन लेने की मिलेगी सुविधा
इस मशीन की खासियत यह है कि इससे लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार राशन ले सकेंगे। नौकरीपेशा लोगों और प्रवासी मजदूरों के लिए यह सुविधा खास तौर पर उपयोगी हो सकती है, क्योंकि उन्हें राशन लेने के लिए तय समय पर दुकान पहुंचने की परेशानी कम होगी।
PDS में बढ़ेगी पारदर्शिता, राशन कम मिलने की शिकायत होंगी कम
ग्रेन ATM से निर्धारित मात्रा में राशन मिलने के कारण वितरण में गड़बड़ी और कम राशन मिलने जैसी शिकायतों पर भी रोक लगने की उम्मीद है। मशीन के जरिए पूरा सिस्टम ज्यादा ऑटोमेटिक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। फिलहाल ‘अन्नपूर्ति ग्रेन ATM’ को छत्तीसगढ़ में कुछ चुनिंदा स्थानों पर शुरू किया गया है। रायपुर के एक राशन वितरण केंद्र पर भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां कर्मचारियों के मुताबिक, लोग खुद मशीन में अपना राशन कार्ड नंबर डालकर आसानी से चावल ले रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के CM ने भी ग्रेन ATM की शुरुआत को खाद्य वितरण व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण सुधार बताया है। आने वाले समय में इस तरह की सुविधा का विस्तार होने पर राशन लेने की प्रक्रिया और आसान हो सकती है और इससे PDS में होने वाली धांधली पर भी अंकुश लगाया जा सकते है, ऐसे में ये योजना आने वाले समय में भारत में उचित पोषण स्तर को बढ़ेगी था ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत की रैंक सुधारने में भी योगदान देगी।
