अब बिना गाड़ी रोंके आटोमैटिक कटेगा टोल ! खत्म होगी जाम की समस्या, इस हाईवे पर नया सिस्टम शुरू
Udaipur Times, Kiratpur-Manali Four Lane : कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। हाईवे के तीन प्रमुख टोल प्लाजा को जल्द ही बैरियर फ्री करने की तैयारी है। इससे वाहन चालकों को टोल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और तेज रफ्तार में गुजरते समय भी टोल शुल्क अपने आप कट जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मौरा, टकोली और डोहलूनाला टोल प्लाजा को बैरियर मुक्त करने का प्रस्ताव तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद इन टोल प्लाजा पर वाहनों को रोककर शुल्क वसूलने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी।
60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर भी कटेगा टोल
नई व्यवस्था में वाहन को टोल बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। हाईवे पर लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और सेंसर वाहन की पहचान करेंगे। इसके बाद वाहन के फास्टैग और उससे जुड़े बैंक खाते से निर्धारित टोल शुल्क अपने आप कट जाएगा।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि वाहन चालक करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी टोल प्लाजा पार कर सकेंगे। बैरियर हटने से टोल पर लगने वाली कतार और जाम कम होगा। साथ ही वाहनों के रुकने और दोबारा गति पकड़ने में खर्च होने वाला समय और ईंधन भी बचेगा।
फास्टैग नहीं हुआ तो चुकाना पड़ेगा टोल ।
अगर किसी वाहन में फास्टैग नहीं लगा है या उससे टोल शुल्क नहीं कट पाता है, तो ANPR कैमरे वाहन का नंबर स्कैन कर लेंगे। इसके आधार पर ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया की जाएगी और संबंधित राशि वाहन मालिक से वसूली जाएगी। यानी नई व्यवस्था में बिना टोल दिए निकलना आसान नहीं होगा।
बैंक संभालेगा टोल की ये नई व्यवस्था
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद तीनों बैरियर फ्री टोल प्लाजा के संचालन की जिम्मेदारी बैंक को दी जाएगी। कैमरे और सेंसर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे और डिजिटल सिस्टम के जरिए टोल वसूली की प्रक्रिया पूरी होगी। इससे टोल कलेक्शन अधिक तेज और ऑटोमेटिक होने की उम्मीद है। मौरा टोल प्लाजा कैंची मोड़ के पास कीरतपुर खंड में स्थित है, जबकि टकोली मंडी जिले और डोहलूनाला कुल्लू जिले में आता है। वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के बाद टकोली और डोहलूनाला में टोल वसूली बंद कर दी गई थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यहां टोल टैक्स वसूली फिर शुरू किए जाने की संभावना है।
15 सितंबर के बाद डयोड और हणोगी सुरंगें खुलने की उम्मीद
कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत मंडी और कुल्लू के बीच बन रही सुरंगों को लेकर भी महत्वपूर्ण अपडेट है। डयोड और हणोगी क्षेत्र में निर्माणाधीन दाईं ओर की सुरंगों को 15 सितंबर के बाद वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है।
डयोड में करीब ढाई-ढाई किलोमीटर लंबी दोनों सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, हणोगी सुरंग में फिलहाल मरम्मत और अन्य जरूरी काम चल रहे हैं।
मनाली-कुल्लू का सफर भी होगा ज्यादा सुरक्षित
इन सुरंगों के खुलने से यात्रियों को भूस्खलन प्रभावित हिस्सों से गुजरने की परेशानी कम होगी। खासकर बारिश और खराब मौसम के दौरान यह कनेक्टिविटी यात्रियों के लिए ज्यादा सुरक्षित साबित हो सकती है।हालांकि, दवाड़ा फ्लाईओवर बंद होने के कारण फिलहाल बाईं ओर की सुरंगों को खोलने की योजना नहीं है। सुरंगों के संचालन में आने के बाद NHAI हणोगी के पास पुराने चंडीगढ़-मनाली मार्ग के एक हिस्से को बंद करने की योजना पर भी आगे बढ़ेगा।
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बैरियर फ्री टोल और नई सुरंगों के शुरू होने से हिमाचल की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर पहले की तुलना में तेज, सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। खासकर पर्यटन सीजन में टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिल सकती है।
