अब शहरी शिक्षक देंगे कोटड़ा के स्कूलों को सेवाएं

जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल कोटड़ा में सुदृढ़ व प्रभावी शिक्षण व्यवस्था
 | 
जिला कलक्टर की पहल पर उदयपुर शहरी क्षेत्र से लगाए 57 वरिष्ठ अध्यापक

उदयपुर, 24 फरवरी 2020 । जिला कलक्टर श्रीमती आनंदी की पहल पर जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल कोटडा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ बनाए रखने हेतु उदयपुर शहरी क्षेत्र से 57 शिक्षक लगाए गए हैं। साथ ही इन शिक्षकों के नियमित आने जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क बस की व्यवस्था की गई है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशों पर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक आदेश जारी कर कोटड़ा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित व विज्ञान के शिक्षण कार्य के लिए 57 वरिष्ठ अध्यापकों को कार्यव्यवस्थार्थ लगाया है। इस आदेश के तहत संबंधित शिक्षक सोमवार की अल सुबह निर्धारित वाहन से कोटड़ा के लिए रवाना हुए और शिक्षण कार्य सम्पादित कर पूर्ण उदयपुर लौटे। ये समस्त शिक्षक आवंटित विद्यालयों में शिक्षण कार्य सम्पादित करा उत्कृष्ठ परिणाम देने का प्रयास करेंगे।

प्रतिदिन 7 बजे चेटक सर्कल से रवाना होगी बस

एडीएस सिटी ने बताया कि कोटड़ा क्षेत्र में इन शिक्षकों को लाने-ले जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क बस व्यवस्था की गई है। यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे चेटक सर्कल बस स्टेण्ड से रवाना होगी तथा पुनः सायं चेटक सर्कल बस स्टेण्ड छोड़ेगी।

श्रेष्ठ परिणाम देने वाले शिक्षकों का होगा सम्मान

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जिला कलक्टर की अनूठी पहल के तहत की गई व्यवस्था के दौरान श्रेष्ठ परिणाम देने वाले शिक्षकों को गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News