उदयपुर में NSUI का कैंडल मार्च: NEET 2026 पेपर लीक के विरोध में छात्रों को न्याय दिलाने की मांग
Udaipur Times, Student Protest: NSUI उदयपुर देहात द्वारा जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी के नेतृत्व में रविवार शाम फतेहसागर की पाल पर NEET 2026 पेपर लीक प्रकरण एवं छात्रों के साथ हुए अन्याय के विरोध में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च के माध्यम से छात्रों को न्याय दिलाने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं AICC सदस्य प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत एवं पूर्व राज्यमंत्री एवं मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कहा कि मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत विद्यार्थियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके सपनों की रक्षा करना सरकार एवं समाज की साझा जिम्मेदारी है।
कैंडल मार्च में NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस परिवार के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
