हरियाणा में ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू ! 10 से खुलेगा पोर्टल, देखें पूरा शेड्यूल
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा में मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2026 से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के तबादलों की नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने जा रही है। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2026 के तहत पहली ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव का प्रस्तावित कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देशों के बाद विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त से ट्रांसफर ड्राइव शुरू होगी और 19 अक्तूबर को अंतिम तबादला आदेश जारी किए जाएंगे। हालांकि सीमित समय में सेवा रिकॉर्ड अपडेट करने, डाटा सत्यापन और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया विभागों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री के ओएसडी सुधांशु गौतम ने 6 अगस्त को सभी विभागों को पत्र जारी कर प्रस्तावित शेड्यूल भेजा है। विभागों को 7 अगस्त तक प्रशासनिक सचिवों से इसकी मंजूरी लेने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कम समय में कर्मचारियों का रिकॉर्ड अपडेट करना, डाटा का सत्यापन और आपत्तियों का निपटारा आसान नहीं होगा।
ट्रांसफर ड्राइव के दौरान सामान्य तबादलों पर रोक
नीति के अनुसार ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव के दौरान संबंधित कैडर में सामान्य तबादले और नई पोस्टिंग नहीं की जाएगी। केवल विशेष परिस्थितियों में अस्थायी तैनाती की अनुमति होगी। प्रशासनिक या तकनीकी कारणों से देरी होने पर सक्षम प्राधिकारी अधिकतम एक माह तक समयसीमा बढ़ा सकेंगे।
ऐसे चलेगी ट्रांसफर ड्राइव
10-17 अगस्त: डाटा अपडेट
17 अगस्त: प्रारंभिक मेरिट सूची
18-24 अगस्त: आपत्तियां दर्ज
25 अगस्त-9 सितंबर: आपत्तियों का निस्तारण
10 सितंबर: अंतिम मेरिट सूची
11-16 सितंबर: स्वैच्छिक तबादला विकल्प
25 सितंबर: रिक्त पदों की सूची
7-13 अक्तूबर: ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग
19 अक्तूबर: अंतिम तबादला आदेश
20-29 अक्तूबर: ज्वाइनिंग व रिलीविंग प्रक्रिया
