पूरा दिन मिलिट्री हॉस्पिटल में डॉक्टरी के साथ पल्लाक्षी ने रचा इतिहास, कड़ी मेहनत से क्रैक किया NEET-PG
Udaipur Times, Sqn Ldr Pallakshi Prasad NEET : जो मेहनत करते है वो एक न एक दिन मुकाम जरुर हासिल करते हैं। NEET-PG देश की सबसे कठिन परीक्षाओं की लिस्ट में शामिल है। जरा सोचिए कि कोई डॉक्टर दिनभर मिलिट्री हॉस्पिटल की जिम्मेदारियां संभालते हुए नीट पीजी 2026 में दूसरी रैंक हासिल कर ले तो इसे क्या कहेंगे? कानपुर एयरफोर्स स्टेशन पर बतौर मेडिकल ऑफिसर तैनात स्क्वाड्रन लीडर पल्लाक्षी प्रसाद ने यह इतिहास रच कर दिखाया है।
पल्लाक्षी प्रसाद ने NEET-PG 2026 में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल करके पूरे देश में नाम रोशन किया है। उन्होंने NEET-PG 2026 में 720 में से 633 अंक हासिल किए और टॉपर डॉ. मोनीश से सिर्फ 8 नंबर पीछे रहीं।
डॉक्टरों के लिए NEET-PG की तैयारी किसी जंग से कम नहीं होती। स्क्वाड्रन लीडर पल्लाक्षी प्रसाद के लिए NEET-PG का सफर और भी चैलेंजिंग था।उन्हें नौकरी की ड्यूटी और मेडिकल जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई करनी थी। पल्लाक्षी प्रसाद ने अपने रूटीन के हिसाब से वर्किंग लाइफ में फिट बैठने वाला सिस्टम बनाया। उन्होंने बार-बार रिवीजन करने, सवाल हल करने और ग्रैंड टेस्ट देने पर फोकस किया। पल्लाक्षी प्रसाद ने बताया की उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका नाम NEET-PG 2026 टॉपर लिस्ट में शामिल होगा।
उन्होंने परीक्षा की तैयारी सिर्फ अंतिम महीनों के लिए नहीं छोड़ी थी। पल्लाक्षी प्रसाद ने MBBS के चौथे साल से ही पढ़ाई की मजबूत नींव रखनी शुरू कर दी थी। उन्होंने एस दास क्लिनिकल सर्जरी मैनुअल और बैली एंड लव जैसी दिग्गज मेडिकल किताबों से कॉन्सेप्ट क्लियर किए थे। जैसा की उनका मानना है कि NEET-PG का पैटर्न बदल चुका है। अब सिर्फ रट्टा मारने से काम नहीं चलता, बल्कि हर परिस्थिति को समझकर सही फैसला लेना होता है। मजबूत बेस होने की वजह से उन्हें तैयारी में काफी मदद मिली।