जंगल में पत्नी का शव मिला, आरोपी पति गिरफ्तार

ज़िले के पानरवा थाना क्षेत्र केवडी के जंगल से मिला शव  
 
 | 
Panarwa Police station

उदयपुर 5 जनवरी 2026। ज़िले के पानरवा थाना क्षेत्र में शनिवार को केवड़ी जंगल में एक विवाहित महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया है।

थानाधिकारी भागीरथ बुंदेला ने बताया कि 35 वर्षीय कालीबाई पत्नी नकालाल डामोर का शव जंगल से बरामद किया गया। मृतका के गले पर दबाने के स्पष्ट निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच में स्पष्ट हो गया कि कालीबाई की हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी पति नकालाल को रविवार शाम करीब 5 बजे गिरफ्तार कर लिया।

मृतका के पिता सुखलाल खराड़ी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसमें बताया कि कालीबाई की शादी गांव के ही नकालाल से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पारिवारिक कलह के चलते कालीबाई पिछले कुछ महीनों से पीहर में रह रही थी। शुक्रवार सुबह वह बकरियां चराने जंगल गई थी। दोपहर में बकरियां घर लौट आईं, लेकिन कालीबाई वापस नहीं आई।

ग्रामीणों ने दोपहर में कालीबाई को उसके पति नकालाल के साथ जंगल में देखा था। जब पिता ने नकालाल से बेटी के बारे में पूछा तो वह गुमराह करता रहा। शनिवार सुबह जंगल में कालीबाई का शव मिलने पर पिता ने सीधे पति पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था।

पुलिस ने केवड़ी के जंगलों में सर्च अभियान चलाकर आरोपी नकालाल को डिटेन किया। कड़ी पूछताछ के दौरान वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी को पीहर पक्ष द्वारा ससुराल नहीं भेजने से वह गुस्से में था और इसी रंजिश के चलते उसने जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #UdaipurNews #CrimeNews #Panarwa #CrimeUpdate

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News