स्वीडन की तर्ज पर हरियाणा के शहरों में बनेंगे पार्क, जाने सरकार का नया प्लान ?

 | 
स्वीडन की तर्ज पर हरियाणा के शहरों में बनेंगे पार्क, जाने सरकार का नया प्लान ?

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग स्वीडन की तर्ज पर हरियाणा में भूमिगत कचरा संग्रहण का मॉडल लागू करने की योजना तैयार कर रहा है।

स्वीडन के दो शहरों में कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, हरीयाली, रीसाइकिलिंग और बरसाती पानी के उपयोग के लिए अपनाए जा रहे पांचों मॉडलों को हरियाणा में लागू करने की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। इसके लिए विभाग कुछ शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर काम कराने की योजना को अमलीजामा पहनाने में लगा है।

स्वीडन दौरे पर गए निकाय विभाग के अधिकारियों ने दो शहरों में नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वहां करीब हर 200 मीटर पर पार्क बना हुआ है। कचरे के ढेर के बजाय उसे भूमिगत संग्रह केंद्रों में डालने की व्यवस्था है। बरसाती पानी को पार्कों में ही बड़े टैंकों के माध्यम से संग्रहित किया जाता है, ताकि उसका दोबारा उपयोग किया जा सके।

हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, निदेशक शरणदीप कौर बरार, स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक शाश्वत सांगवान सहित अन्य अधिकारी 14 से 17 अक्तूबर तक स्वीडन के दौरे पर थे। अधिकारियों ने स्टॉकहोम रॉयल सीपोर्ट और हम्मारबी शोस्टाड में पांच क्षेत्रों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इनमें वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, कचरा प्रबंधन, बरसाती पानी का संग्रह, शहरी क्षेत्रों में हरीयाली और उपयोगी वस्तुओं का दोबारा उपयोग शामिल है। हरियाणा में इन व्यवस्थाओं को लागू करने की संभावनाएं तलाशने के साथ कुछ शहरों में मॉडल के रूप में काम शुरू करने की योजना बनाई जाएगी।

पार्कों में ही भूमिगत टैंकों में जमा होता है बरसाती पानी

शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा के अनुसार, स्वीडन में बरसाती पानी को पार्कों में संग्रहित किया जाता है। इसके लिए पार्कों के अंदर ही भूमिगत टैंक बनाए गए हैं। इससे पानी का दोबारा उपयोग हो पाता है और शहरी क्षेत्रों में हरियाली बनाए रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने बताया कि कचरे के निस्तारण के लिए भी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। घरों से कचरा लेकर आने वाले लोगों को एक कार्ड दिया जाता है। एटीएम कार्ड की तरह इसे स्वाइप करने पर कचरा डालने वाला डस्टबिन खुल जाता है। कचरा डालने के बाद डस्टबिन तकनीक की मदद से करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से भूमिगत संग्रह केंद्र तक पहुंचता है और कचरा खाली करने के बाद वापस अपने स्थान पर आ जाता है।

मीणा के अनुसार, अनुपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग कर नए उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं, जिससे कचरे की मात्रा कम होती है। हरियाणा में भी बरसाती पानी का संग्रह, शहरी हरियाली, रीसाइकिलिंग, कचरा प्रबंधन और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में इन मॉडलों के आधार पर काम कराने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News