हरियाणा में तीन अलग-अलग जगहों पर पटवारियों को रिश्वत लेते पकड़ा, भ्रष्टाचार पर ACB का बड़ा एक्शन

 | 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में तीन अलग-अलग जगहों पर पटवारियों व उनके सहयोगी लोगों को रिश्वत लेते ACB की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार पर ACB ने बड़ा एक्शन लिया है और रिश्वतखोरी कर रहे आरोपियों पर कार्रवाई की है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. ए.एस. चावला, आईपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति बेहद कठोर नीति है और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। डॉ. चावला ने कहा कि आमजन को पारदर्शी, ईमानदार और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

करनाल: असंध में पटवारी विजय को 15000 रुपए की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने किया गिरफ्तार, जमाबंदी दुरुस्त करने की एवज में मांग रहा था रिश्वत

हरियाणा के करनाल के असंध में ACB ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी विजय वीर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति से जमाबंदी दुरुस्त करने के नाम पर आरोपी पटवारी ने रिश्वत मांगी थी। पीड़ित की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाकर आरोपी पटवारी को पकड़ लिया। फिलहाल इस मामले की पूरी तरह जांच जारी है।

हिसार: हल्का-1 के पटवारी सुभाष और उसके सहयोगी को 1000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा, प्लॉट की म्यूटेशन प्रक्रिया पूरी करने की एवज में मांगी थी रिश्वत

भिवानी: जिले में तैनात पटवारी नरेंद्र कुमार पर केस दर्ज, 40 एकड़ भूमि के बंटवारे और जरूरी दस्तावेज तैयार करने के बदले एक लाख की रिश्वत मांग रहा था, बतौर बिचौलिया वकील को भी किया था शामिल। वकील को किया गया अरेस्ट।

₹1 लाख रिश्वत लेते अधिवक्ता भूपेंद्र रंगे हाथ गिरफ्तार, नरेंद्र कुमार पटवारी पर भी केस दर्ज

चंडीगढ़, 19 मई। राकेश गुप्ता। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), हरियाणा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹1 लाख रिश्वत लेते अधिवक्ता भूपेंद्र को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिवक्ता पटवारी नरेंद्र कुमार के लिए बिचौलिए के तौर पर काम कर रहा था। इस संबंध में थाना SV&ACB हिसार में FIR नंबर 13 दिनांक 19 मई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या था मामला-

ब्यूरो को गांव सिवाड़ा निवासी परवीन कुमार ने शिकायत दी थी कि भिवानी में तैनात पटवारी नरेंद्र कुमार उनकी लगभग 40 एकड़ संयुक्त कृषि भूमि के बंटवारे एवं संबंधित दस्तावेज तैयार करने के बदले ₹1 लाख रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा कराने के बावजूद आरोपी जानबूझकर काम लंबित रख रहा था। शिकायत के अनुसार 15 मई को आरोपी पटवारी ने भूपेंद्र अधिवक्ता को अपने मध्यस्थ के रूप में सामने लाया। बाद में 18 मई को अधिवक्ता ने पटवारी की ओर से रिश्वत राशि लेने की बात स्वीकार की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से जुड़ी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी ब्यूरो को उपलब्ध करवाई।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद SV&ACB यूनिट भिवानी ने ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी भूपेंद्र अधिवक्ता को ₹1 लाख रिश्वत लेते हुए राजपत्रित अधिकारी सुरेंद्र ठकराल, फिशरीज ऑफिसर, जिला भिवानी तथा शैडो गवाह की मौजूदगी में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News