हरियाणा में पटवारी का निजी सहायक गिरफ्तार, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में पटवारी का निजी सहायक गिरफ्तार, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

चंडीगढ़/यमुनानगर, 2 नवंबर 2026 : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए यमुनानगर जिले की व्यासपुर तहसील में तैनात हलका पटवारी के निजी सहायक नरेंद्र कुमार को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता की कृषि भूमि का इंतकाल उसके नाम दर्ज कराने की एवज में अवैध रिश्वत मांगने का आरोप है।

इंतकाल दर्ज कराने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी संजीव कुमार के निजी सहायक नरेंद्र कुमार ने उसकी कृषि भूमि का इंतकाल उसके नाम दर्ज कराने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की है। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी नरेंद्र कुमार को व्यासपुर
तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।

इंस्पेक्टर तेजपाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र कुमार निवासी गांव फकीर माजरा के रूप में हुई है। आरोपी हलका पटवारी संजीव कुमार के निजी सहायक के रूप में कार्य कर रहा था। यह ट्रैप एसीबी यूनिट यमुनानगर द्वारा लगाया गया।

 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में थाना SV&ACB पंचकूला में एफआईआर संख्या 16, दिनांक 2 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।

 भ्रष्टाचार की शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप पर भी करें

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सरकारी तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अथवा उसकी ओर से कार्य करने वाला कोई व्यक्ति सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है। प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News