पंचायती राज में हर कड़ी से जनता जुड़ी
पंचायती राज के कारण लोकतन्त्र के हर स्तर से आम जनता का जुड़ाव हुआ है। पंचायत स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास से सम्बन्धित समितियों की सक्रियता से व्यवस्थागत मामलों में यह जुड़ाव और मज़बूत होगा।
पंचायती राज के कारण लोकतन्त्र के हर स्तर से आम जनता का जुड़ाव हुआ है। पंचायत स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास से सम्बन्धित समितियों की सक्रियता से व्यवस्थागत मामलों में यह जुड़ाव और मज़बूत होगा।
यह विचार विद्या भवन स्थानीय स्वशासन एवं उत्तरदायी नागरिकता संस्थान की ओर से खेरवाड़ा पंचायत समिति सभागार में बुधवार (8 जनवरी 2014) को आयोजित पंचायत मेले में प्रधान सविता मीणा ने व्यक्त किये। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे विद्यालय, आँगनवाड़ी आदि ग्राम स्तरीय संस्थाओं का नियमित अवलोकन करें तथा स्थाई समितियों, विद्यालय प्रबन्ध समिति, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकों में भाग लें। प्रधान ने वॉर्ड पंचों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को साधारण सभा में रखकर समाधान कराने का आश्वासन भी दिया।
प्रगति प्रसार अधिकारी लक्ष्मण मीणा ने पालनहार, पेन्शन, निःशुल्क दवा, रियायती दर पर अनाज सहित विभिन्न योजनाओं की पात्रता व लाभ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजीव गाँधी केन्द्रों पर मिनी बैंक खोले जा रहे हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे खाते में जमा होने से भ्रष्टाचार में कमी आएगी।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश जैन ने बताया कि खेरवाड़ा पंचायत समिति में प्रारम्भिक शिक्षा के 358 स्कूलों में कुल 32841 छात्र-छात्रायें अध्ययनरत हैं। इनमें से 286 प्राथमिक विद्यालयों में 22564 तथा 72 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 10277 विद्यार्थी हैं।
पट्टे नहीं मिलने से 5 विद्यालयों के भवन नहीं बन पा रहे हैं, जिसके लिए ग्राम पंचायतों को प्रयास करना चाहिए। डिजिटल विद्यार्थी योजना के तहत 13027 पी.सी. टैबलेट वितरित किए गए तथा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र पर 8 दिन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने बालश्रम ख़त्म करने के प्रयासों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
खुले सत्र में जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के बैंक खाते खुलने में समस्या के कारण छात्रवृत्ति नहीं मिलने, बिजली नहीं आने से फसलों पर प्रभाव, पेन्शन की राशि समय पर नहीं मिलने सहित समस्यायें रखीं। पण्ड्यावाड़ के पंच शान्तिलाल व प्रेमकुमार, कटेव पंच शंकरलाल, भाणदा पंच लक्ष्मण आदि ने चर्चा में भाग लिया।
संस्थान के केशव दवे ने जादू के खेल के ज़रिए अंधविश्वासों की वैज्ञानिक व्याख्या की।
मेले के तहत महिला सम्मेलन में महिलाओं के लिए योजनाओं की जानकारी दी गई। सरपंच दुर्गा देवी, उप सरपंच तुलसी देवी, पंच पनीदेवी, रंजीता मीणा सहित महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के अवलोकन में उभरे मुद्दों पर चर्चा की।
प्रारम्भ में फिल्म ‘मन्थन’ दिखाई गई तथा संस्थान के न्यूज़लैटर ‘पंचायत परिवार’ एवं ‘महिला शक्ति’ से नई जानकारियों पर चर्चा हुई। संकाय सदस्य प्रो. वेददान सुधीर ने संस्थान की गतिविधियों का परिचय देते हुए जनहित में कार्य करने का आग्रह किया। मेले का संचालन देवेन्द्र सिंह देवड़ा व महिला सम्मेलन का संचालन ममता मेहता व अनुप्रीता पुरोहित ने किया। संकाय सदस्य खेमराज शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal