हरियाणा-पंजाब के लोगों को मिल रहा मुंह-मांगा पैसा ! यहां बनेगा नया रिंग रोड
Udaipur Times, Tricity Ring Road Project : पंजाब और हिमाचल प्रदेश से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे (NH-205A) के शुरू होने से ट्राइसिटी क्षेत्र में यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इस 61 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट का एक हिस्सा पहले ही वाहनों के लिए खोल दिया गया है, जबकि बाकी हिस्सों पर तेजी से काम जारी है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
इस हाईवे के बनने के बाद चंडीगढ़ और डेराबस्सी में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से यात्रियों को छुटकारा मिलेगा। अनुमान है कि अंबाला से मोहाली तक का सफर लगभग 40 से 50 मिनट तक कम हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट से रोजाना करीब 80,000 वाहन चालकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
61 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर
यह प्रोजेक्ट 2020-21 में ट्राइसिटी रिंग रोड योजना के तहत मंजूर किया गया था। इसकी कुल लंबाई लगभग 61 किलोमीटर है, जिसे दो चरणों में विकसित किया जा रहा है।
पहला सेक्शन: अंबाला के देवीनगर से मोहाली के IT सिटी चौक तक (~30 किमी) और दूसरा सेक्शन: IT सिटी चौक से कुराली तक (~31.23 किमी)। बता दें कि दूसरे सेक्शन का काम पूरा हो चुका है और इसे जनता के लिए खोल दिया गया है।
लगभग 80 प्रतिशत काम हो चुका है पूरा
पहले हिस्से में लगभग 80% काम पूरा हो चुका है, हालांकि कुछ हिस्सों में किसान आंदोलन और भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण काम धीमा हुआ था। अब निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और इसे वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नया लिंक रोड और कनेक्टिविटी
फरवरी 2026 में सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 10.3 किलोमीटर लंबा 6-लेन लिंक रोड भी मंजूर किया है, जिस पर करीब 1,463.95 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। यह लिंक रोड NH-205A को सीधे ज़ीरकपुर बाईपास से जोड़ेगा, जिससे चंडीगढ़ और पंचकूला की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के ट्रैफिक से राहत मिलेगी।
किसानों को भूमि अधिग्रहण के तहत 4 करोड़ से अधिक का मुआवजा
इस परियोजना के लिए किसानों को भूमि अधिग्रहण के तहत मुआवजा भी दिया गया है, जो कई मामलों में 4.12 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक पहुंच गया। शुरुआती विरोध और कम मुआवजे की शिकायतों के बाद दरों में बढ़ोतरी की गई।
वर्तमान में अंबाला से मोहाली जाने के लिए ज़ीरकपुर और डेराबस्सी मार्ग पर भारी जाम का सामना करना पड़ता है, जिससे यात्रा में 1 से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता है। नया ग्रीनफील्ड हाईवे चालू होने के बाद यह सफर काफी आसान हो जाएगा और यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी, जिससे ट्राइसिटी क्षेत्र की कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी।
