हरियाणा में 90 करोड़ की लागत से इंटरनेशनल वेडिंग डेस्टिनेशन बनेगा पिंजौर गार्डन, जाने लोगों को क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं ?
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंचकूला का ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन (पिंजौर गार्डन) बुधवार को आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। जानकारी के मुताबिक, एक निजी शादी समारोह के लिए पूरे परिसर की बुकिंग होने के कारण हरियाणा टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने यह फैसला लिया है। यह गार्डन अब तक 6 से 7 बार शाही शादियों के लिए बुक हो चुका है। इसके अलावा, हरियाणा सरकार इसे जल्द ही 90 करोड़ रुपए की लागत से विश्वस्तरीय इंटरनेशनल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा टूरिज्म प्रबंधन ने सूचना जारी की है की शादी समारोह के चलते बुधवार को आम पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। प्रबंधन ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए उसी हिसाब से यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
अधिकारियों के अनुसार, पूरे गार्डन की एक दिन की बुकिंग के लिए 10 लाख रुपए और इसके अतिरिक्त जीएसटी शुल्क लिया जाता है।
जानकारी के मुताबिक, गार्डन में डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते चलन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'वेड इन इंडिया' पहल से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में 90 करोड़ रुपए के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पिंजौर गार्डन के साथ मोरनी हिल्स स्थित टिक्कर ताल का भी आधुनिकीकरण होगा।
विरासत और पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के अनुसार, पुनर्विकास के दौरान गार्डन की ऐतिहासिक वास्तुकला और मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।