Udaipur Times , Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। जिस कारण प्रदेश में अब सुबह और शाम के समय मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की एक तरफ जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं रात और सुबह के तापमान में गिरावट के साथ हल्की गुलाबी ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही सुबह-शाम ठंडी हवाओं का अहसास होने लगा है।
विभाग के मुताबिक, प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 0.6°C की बढ़ोतरी हुई है। रोहतक 36.9°C के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। वहीं, औसत न्यूनतम (रात के) तापमान में 0.2°C की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल (AWS) में 22.2°C दर्ज किया गया।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसूनी हवाओं की वापसी की रेखा 19 सितंबर तक राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला तक पहुंच चुकी है।
राजस्थान के ऊपर एक एंटीसाइक्लोन बनने से हवाओं की दिशा पुरवाई से बदलकर पश्चिमी होने की संभावना जताई है। इसके असर से मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा दक्षिण की ओर मध्य भारत की तरफ खिसकेगी, जिससे हरियाणा में मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी और मानसून की जल्द विदाई होगी।