PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, देखें पूरा प्रोसेस

 | 
 PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, देखें पूरा प्रोसेस 

Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में रिक्तियों को मेरिट के आधार पर भरा जाएगा। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थियों से ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन पत्र मांगे गए हैं।

प्राचार्य ललित कालड़ा ने बताया कि वे विद्यार्थी आवेदन करने के पात्र होंगे जिन्होंने सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं सीबीएसई अथवा राज्य बोर्ड से उत्तीर्ण की हो। वहीं, सीबीएसई बोर्ड से पास विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। विज्ञान संकाय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और गणित दोनों विषयों में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करना जरूरी होगा।

अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र वेबसाइट www.navodaya.gov.in अथवा विद्यालय की वेबसाइट www.jnvsirsa.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र विद्यालय की ईमेल आईडी jnvodhan@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थी सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यालय कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से भी आवेदन जमा करवा सकते हैं।

आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 25 जून है। सभी अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी तथा विद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा से मोबाइल नंबर 97281-81413 पर संपर्क कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News