कोर्ट परिसर से भागे २ कैदियों को पुलिस और अधिवक्ताओं ने पकड़ा
शहर के कोर्ट परिसर में आज शाम अचानक तब खलबली मच गयी जब दो विचाराधीन कैदियों ने भागने की कोशिश

शहर के कोर्ट परिसर में आज शाम अचानक तब खलबली मच गयी जब दो विचाराधीन कैदियों ने भागने की कोशिश की, पर वहां मौजूद चलानी गार्ड और वकीलों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
घटना आज शाम तब घटी जब कोर्ट परिसर में बने बैरक से कैदियों को पुलिस बस में बिठाया जा रहा था तभी राजू राम और मांगी लाल नाम के दो कैदी चालानी गार्ड को धक्का दे कर भाग निकले। राजू राम भागते हुए वकीलों के बने चैम्बर्स के बरामदे से होते हुए करीब 10 फीट नीचे कूद कर कोर्ट के मुख्य द्वार तक पहुंच गया, पर, वहां मौजूद अधिवक्ताओं और आम लोगो ने उसे पकड़ लिया।
वही दूसरा कैदी मांगीलाल बरामदे से होते हुए सीधा मुख्य सड़क पर कूदा और भागते हुए पास ही स्थित डी पी ज्वेलर्स के पास ही खाली पड़े प्लाट की दीवार फांदते हुए नीचे कूद गया पर एक चलानी गार्ड भंवरलाल मीणा ने उसका पीछा कर दिवार से कूदते हुए मांगीलाल को धर दबोचा।
घटना के दौरान सिपाही भंवरलाल को मामूली चोटें भी आई है। जानकारी के अनुसार दोनों कैदी भींडर के हैं और लूट के मामले में विचाराधीन है।
राजूराम जनवरी और मांगीलाल मई 2013 से उदयपुर सेंट्रल जेल में बंद है।
